Breaking News

नीतीश कुमार पर जमकर बरसे चिराग पासवान बोले -पीएम मोदी की योजनाओं पर लड़ रहे चुनाव

लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई के सांसद चिराग पासवान ने कहा कि हमारी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी बिहार के चुनाव में एनडीए का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि लोजपा की ताकत का अंदाजा नीतीश कुमार को चुनाव परिणाम के बाद चलेगा। उन्होंने एक बार फिर कहा कि किसी भी सूरत में नीतीश सीएम नहीं बन पाएंगे। श्री पासवान जनसभा और रोड शो करने के उपरांत शुक्रवार को एक होटल में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

सांसद चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं। मेरी पार्टी उनका स्वागत करती है। हम लोगों को भरोसा है कि प्रधानमंत्री बिहार के लिए जरूर कोई सौगात लेकर आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिराग पासवान ने अपना नेता बताया। उन्होंने कहा कि पीएम की जितनी भी योजनाएं हैं उसी के बल पर नीतीश बिहार में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2015 से पहले बीजेपी के साथ नीतीश कुमार ने क्या क्या नहीं किया यह बताने की जरूरत नहीं है। आज एनडीए के पुराने सहयोगी बन बैठे हैं।

उन्होंने कहा कि एनडीए का सबसे पुराने सहयोगी हमारी पार्टी है। चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना को लेकर घूम रहे हैं। उस योजना का हश्र क्या हो रहा है यह किसी से छुपा हुआ नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है। कितना कमीशन जाता है और किसके पॉकेट में जाता है यह सबको मालूम है।

इसे भी पढ़ें : सुल्तानपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष ने महिला हेल्प डेस्क का किया शुभारंभ..

उन्होंने कहा कि जहां-जहां जदयू के प्रत्याशी जाते हैं आम जनता उसका विरोध करती है। वह विरोध प्रत्याशी का नहीं है बल्कि सरकार के मुखिया नीतीश कुमार का हो रहा है।

चिराग पासवान ने कहा कि शेर का बच्चा हूं जंगल चीर कर निकलूंगा। मेरे जैसे एक युवा में इतनी हिम्मत है कि मैं अकेले बिहार के चुनाव में मैदान में डटा हुआ हूं। अगर नीतीश कुमार को हिम्मत होती तो अकेले लड़ कर दिखाते। उन्होंने प्रदेश भाजपा इकाई को भी चुनौती देते हुए कहा कि नीतीश के सहारे की जरूरत आखिर क्यों है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतनी सारी योजनाएं चलाई है पूरे देश में इतने लोकप्रिय हैं फिर भी प्रदेश भाजपा नीतीश कुमार के बिना आखिर क्यों नहीं चल पाती है?