उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान के लिए शुक्रवार शाम को प्रचार थम जाएगा। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मैनपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार क्या करती थी याद करिए। सपा 2012 में आई तो सबसे पहला काम आतंकवादियों के मुकदमों को वापस लेने का किया था। उनकी संवेदना किसान-नौजवान के साथ नहीं थी। रोजगार और सुरक्षा के लिए नहीं थी। विकास के लिए नहीं थी। सपा की संवेदना अयोध्या में राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला करने वालों के साथ थी।
सीएम योगी ने कहा कि पहले बड़े माफिया और गुंडे सत्ता का संचालन करते थे। आज वे सभी जेल के अंदर हैं। जान की भीख मांग रहे हैं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुझे पूछ रहे थे कि चुनाव के दौरान तो बुलडोजर नहीं चलेगा। मैंने कहा, कभी कभी बुलडोजर को आराम भी चाहिए। उसको मरम्मत के लिए भेजा गया है। चुनाव में माफिया-गुंडे बिल से बाहर आ गए। अब ये चिन्हित हो गए हैं। 10 मार्च के बाद फिर से बुलडोजर चलेगा।