Breaking News

असदुद्दीन ओवैसी बोले: अखिलेश यादव में ताकत नहीं कि भाजपा को यूपी की सत्ता में आने से रोक लें

एआईएमआईएम मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने बलिया में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव में ताकत नहीं कि वह भाजपा को यूपी की सत्ता में आने से रोक लें। 2017 के विधानसभा चुनाव में यादव ने कांग्रेस से हाथ मिलाया और 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए भी गठबंधन किया। ओवैसी सिकंदरपुर इलाके में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें आवारा पशुओं की समस्या के बारे में पता चला, जो राज्य में किसानों को चुनाव के समय ही परेशान कर रहे हैं।

ओवैसी ने आगे कहा कि मुफ्त राशन बांटकर राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा गरीबों का अपमान कर रही है। खुद को चौकीदार कहने के बाद प्रधानमंत्री अब बादशाह बन गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी पिछले सात वर्षों से चाय पीने में इतने व्यस्त हैं कि उन्हें चुनाव के समय ही राज्य में आवारा पशुओं की समस्या का पता चला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार ने किसानों या युवाओं के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कुछ नहीं किया।

ओवैसी ने अपील करते हुए मुसलमानों से पूछा कि वे कब तक सपा और बसपा नेताओं के लिए फुटबॉल बने रहेंगे। कमजोर को मजबूत बनाने और सामाजिक न्याय के लिए भागीदारी संकल्प मोर्चा लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केवल मोर्चा ही राज्य को भाजपा से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है। 10 मार्च को उत्तर प्रदेश में भगवा पार्टी समाप्त हो जाएगी।