अमेठी की गौरीगंज सीट से सपा के राकेश प्रताप सिंह 13161 वोटों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि 19 वें राउंड की गिनती के बाद अमेठी विधानसभा से सपा की महाराजी प्रजापति 58176 वोटों के साथ सबसे आगे चल रही हैं। वहीं, जगदीशपुर विधानसभा से 11 वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा सुरेश पासी 31896 वोटों के साथ पहले व सपा की विमलेश सरोज 10120 के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा तिलोई सीट से 17 राउंड की गिनती के बाद भाजपा के मयंककेश्वर शरण सिंह 62334 के साथ सबसे आगे हैं।
बता दें कि पहले गांधी-नेहरु परिवार का गढ़ और अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का संसदीय क्षेत्र होने के चलते अमेठी की सीटों का चुनाव परिणाम काफी अहम है। जिस पर देश ही नहीं प्रदेश भर के लोगों की निगाहें होंगी। यहां 4 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें गौरीगंज, अमेठी, तिलोई और जगदीशपुर सुरक्षित सीट शामिल है। यहां 2017 में भाजपा गौरीगंज सीट के अलावा सभी पर विजयी हुई थी।
अमेठी और गौरीगंज में त्रिकोणीय मुकाबला
अमेठी सीट पर भाजपा से पूर्व केंद्रीय मंत्री व राजा डॉ. संजय सिंह का मुकाबला अखिलेश सरकार के कद्दावर मंत्री गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रजापति से है। इसके अलावा कांग्रेस से आशीष शुक्ला और बसपा से रागिनी शुक्ला के भाग्य का आज फैसला होना है। इसी तरह गौरीगंज सीट पर भी त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां पर सपा के 2 बार के सिटिंग विधायक राकेश प्रताप सिंह हैट्रिक लगाने के लिए बेताब हैं तो उनके सामने भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी व कांग्रेस के फतेह बहादुर उनकी जीत में रोड़ा बन रहे। यहां से बसपा के राम लखन शुक्ला मैदान में हैं।
जगदीशपुर और तिलोई में फंसी भाजपा
उधर जगदीशपुर सुरक्षित सीट पर भाजपा सरकार में मंत्री रहे सुरेश पासी के लिए कांग्रेस के विजय पासी गले की हड्डी बन गए हैं। जबकि सपा की विमलेश सरोज और बसपा जितेंद्र सरोज मैदान में हैं। वही तिलोई रियासत का भी इस चुनाव में इम्तिहान है। भाजपा ने तिलोई के राजा व विधायक मयंकेशवर शरण सिंह को तो सपा ने मोहम्मद नईम को मैदान में उतारा है। दोनों का सीधा मुकाबला है। यहां कांग्रेस से प्रदीप सिंघल प्रत्याशी हैं। मुस्लिम बाहुल्य इस सीट पर अगर कांग्रेस इस वोट बैंक में सेंधमारी नहीं लगा पाई है तो भाजपा की मुश्किल बढ़ सकती है।
अमेठी में 4 सीटों पर पड़े कुल 7,99,302 मत
आपको बता दें, अमेठी की 4 विधानसभा सीटों पर कुल 48 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। यहां 14 लाख 26 हजार 525 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 7,49,931 और महिला मतदाता 6,77,305 हैं। अन्य की संख्या 148 है। 27 फरवरी को 5वें चरण के लिए हुए मतदान में यहां मतों का प्रतिशत 56.00 रहा। इसमें पुरुष 3,96,241 वोटरों और महिला मतदान 4,03,057 वोटरों ने मतदान किया। 4 अन्य ने भी वोट किए। जिले में कुल 7,99,302 वोट पड़े हैं। बता दें कि 2017 के विधान सभा चुनाव में 56.79 प्रतिशत वोट पड़े थे।
अमेठी में 29 गौरीगंज सीट पर 30 राउंड की होगी मतगणना
यहां यह भी बता दें कि अमेठी विधान सभा में 29 राउंड में गिनती होगी। 14 टेबल पर 396 बूथ के वोट गिने जाएंगे। अमेठी में कुल मतदाता 348656 हैं इनमें महिला मतदाता 165409 और पुरुष मतदाता 183204 हैं। अन्य मतदाता 43 हैं। संपन्न हुए मतदान में यहां 188982 वोट पड़े हैं जिसमें महिलाओं की संख्या 95397 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 93585 है। वहीं गौरीगंज विधानसभा सीट पर कुल मतदाता 349600 हैं इनमें महिला 167099 और पुरुष 182466 हैं। यहां हुए मतदान में कुल 202152 वोट पड़े हैं। जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 1,02,591 और पुरुष की संख्या 99,560 है। एक अन्य ने भी यहां वोट किया है। 30 राउंड में यहां मतगणना होगी। जिसके लिए 14 टेबल लगाई गई है। जिस पर 404 बूथों के मत गिने जाएंगे।
तिलोई में 29 तो जगदीशपुर में 31 राउंड चलेगी गिनती
उधर तिलोई विधानसभा पर कुल 351196 मतदाता हैं, इनमें महिला 166238 और 184933 पुरुष मतदाता हैं। 25 अन्य भी यहां मतदाता हैं। इस सीट पर कुल 202152 मतदान हुआ है। इसमें महिला 103249 और पुरुष 205010 ने वोटिंग किया। एक अन्य का भी वोट पड़ा है। कुल 396 बूथों पर पड़े वोटों की गिनती 14 टेबलों पर 29 राउंड में होगी। इसी क्रम में जगदीशपुर विधान सभा सीट पर कुल 3,77,932 मतदाता हैं। जिसमें 1,78,559 महिला और 1,99,328 पुरुष मतदाता हैं व 45 अन्य वोटर भी हैं। यहां कुल मतदान 2,03,158 हुआ है। जिसमें 1,01,820 महिलाओं तो 1,01,336 पुरुष ने मतदान किया। दो अन्य ने भी वोट डाले हैं। कुल बूथ 424 हैं, जिसकी गिनती 14 टेबल पर 31 राउंड में संपन्न होगी।