बुलंदशहर में जिला प्रदर्शनी में आयोजित पंजाबी नाइट में जमकर अव्यवस्था देखने को मिली। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने से पंजाबी नाइट में भगदड़ मच गई। पुलिस को व्यवस्था बनाने के लिए लाठीचार्ज तक करना पड़ा। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज से पंडाल में अफरातफरी मच गई। लोग एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए। इसमें दर्जनों लोग चोटिल भी हो गए।
पुलिस ने हालात पर पाया काबू
बता दें कि शुक्रवार रात जिला प्रदर्शनी में पंजाबी गायक काका का कार्यक्रम होना था। पंडाल की क्षमता करीब 2500 लोगों की थी। जबकि पंडाल में करीब पांच हजार से ज्यादा दर्शक पहुंच गए। इसके कारण वहां अव्यवस्था हावी हो गई। व्यवस्था सम्भालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज होते ही वहां भगदड़ मच गई। लोग एक दूसरे के ऊपर चढ़ते दिखे। करीब एक घण्टे तक पंडाल में अफरातफरी का आलम रहा। पुलिस की काफी मशक्कत के बाद हालात काबू हो सके।