Breaking News

यमुना एक्सप्रेसवे के लिए बनेंगे तीन नए थाने, UP सरकार ने दी मंजूरी

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र और यमुना एक्सप्रेसवे के लिए आठ नए थाने खुलेंगे। इनमें से तीन थाने यमुना एक्सप्रेसवे के लिए होंगे। उत्तर प्रदेश शासन ने इसकी मंजूरी दे दी है। थानों के लिए जमीन और इमारत यमुना प्राधिकरण उपलब्ध कराएगा। नए थाने खुलने से यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। एक्सप्रेसवे से रोजाना तीस हजार से अधिक वाहन निकलते हैं।

जेवर एयरपोर्ट का निर्माण शुरू होने के साथ ही यमुना प्राधिकरण में गतिविधियां बढ़ी हैं। यहां फिल्म सिटी के साथ आवासीय सेक्टर की सुरक्षा के लिए नए थाने बनाने का प्रस्ताव यमुना प्राधिकरण बोर्ड ने पास करके शासन को एक साल पहले भेजा था। प्राधिकरण को इस प्रस्ताव की मंजूरी का इंतजार था।

प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। नए थाने खुलने से लोगों में सुरक्षा का भाव बढ़ेगा। प्राधिकरण क्षेत्र में बसावट भी शुरू होगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में दो औद्योगिक इकाइयां बहुत जल्द शुरू होने वाली हैं। इसका फायदा औद्योगिक इकाइयों को भी मिलेगा।

सभी की मिलेगा फायदा : प्रस्ताव के मुताबिक, यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-18, 20 व 22 डी में एक-एक थाना बनाया जाएगा। इन सेक्टरों में 21 हजार से अधिक आवासीय भूखंड हैं। सेक्टर-21 में विकसित होने वाली फिल्म सिटी भी इसके पास है। इसके अलावा कई और सेक्टर हैं, जिनको थानों का लाभ मिलेगा।

नि:शुल्क जमीन देगा प्राधिकरण : इसके अलावा औद्योगिक सेक्टर-25 ए और 29 में भी एक-एक नया थाना बनेगा। सेक्टर-29 में औद्योगिक क्लस्टर हैं। यमुना प्राधिकरण में बनने वाले नए थानों के लिए जमीन नि:शुल्क मिलेगी। यह जमीन प्राधिकरण देगा। साथी थानों की इमारत भी प्राधिकरण बनाएगा।

सुरक्षित होगा सफर : 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर अभी कोई अपना थाना नहीं है। जिस जिले से यह एक्सप्रेसवे गुजर रहा है, वहां की स्थानीय पुलिस के पास उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। एक्सप्रेसवे पर सुरक्षित सफर के लिए जेवर, राया व टप्पल के पास तीन नए थाने खोलने को निर्णय लिया गया है।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र और यमुना एक्सप्रेसवे के लिए नए थाने बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने यह प्रस्ताव पास कर दिया। थानों के लिए जमीन प्राधिकरण निशुल्क देगा। साथ ही इमारत बनाकर भी देगा।