Breaking News

UP: लव-मैरिज से नाराज भाइयों ने बहन को मारा चाकू फिर गोली मारकर की बहनोई की हत्या

यूपी की मेरठ में ऑनर किलिंग की एक दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सोमवार सुबह दो भाइयों ने घर में घुसकर पहले अपनी बहन पर चाकू से हमला किया। फिर उसके प्रेमी के सीने में सटाकर गोली मार दी। प्रेमी की मौके पर मौत हो गई। बहन की हालत गंभीर है। बहन ने 8 दिन पहले ही भागकर युवक के साथ लव-मैरिज की थी। इस शादी से लड़की के परिवार वाले नाराज थे, हालांकि दोनों की जाति एक ही थी।

सरधना में गढ़ी खटीकान मोहल्ले में जैकी उर्फ पटवारी (25 साल) पुत्र हुकुम सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। जैकी आठ दिन पहले पड़ोस की रहने वाली युवती आंचल को लेकर चला गया था। युवती के परिवार को बाद में पता चला कि दोनों ने लव मैरिज कर ली। हालांकि, पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि दोनों ने दो महीने पहले ही कोर्ट में चुपचाप लव मैरिज कर ली थी। 8 दिन पहले जब आंचल भागी तो परिवार को शादी कर लेने की बात पता चली।

जिस युवती आंचल को लेकर जैकी भागा था, उसके दो भाई हैं। एक अंशु और दूसरा सागर। सोमवार सुबह भाइयों को पता चला कि आंचल, जैकी के साथ उसके घर आई हुई है। दोनों के घर एक ही गली में आसपास हैं। इसकी जानकारी होते ही दोनों भाई आग बबूला हो गए। वह तमंचा और चाकू लेकर पड़ोस में रहने वाले जैकी के घर पहुंच गए।

जैकी के घर में घुसकर पहले दोनों भाई ने अपनी बहन आंचल पर हमला किया। चाकू से उसकी गर्दन पर कई वार किए। इससे वह जख्मी होकर वहीं गिर गई। इसके बाद जैकी को पीटा और सीने से सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ जैकी जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों भाइयों ने जैकी के गले को रेत दिया।

बीच-बचाव में आई जैकी की बहन ज्योति को भी दोनों आरोपियों ने चाकू मारे, जो उसके हाथ में लगे। वारदात के दौरान घर में जैकी की बहन और उसकी मां ही थी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए। घटना की खबर मिलते ही भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसपी देहात केशव कुमार भी मौके पर पहुंचे। मृतक युवक जैक संगीत सोम सेना के प्रदेश अध्यक्ष सचिन खटीक का ममेरा भाई था।

आंचल अस्पताल में भर्ती, उसकी हालत गंभीर
मौके पर पहुंचे लोगों ने आंचल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तार के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। एक आरोपी अंशु को पकड़ लिया गया है। घटना से इलाके में तनाव है। इसे देखते हुए मौके पर भारी फोर्स लगा दी गई है।