मेरठ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, क्योंकि वह बेडरूम में साड़ी नहीं पहनती थी। नशे में धुत पति इस बात से इतने गुस्से में आ गया कि उसने पेट पर ही चाकू से कई वार किए। इसके बाद उसकी गर्दन काट दी।
कुछ देर बाद जब उसका नशा उतरा तो उसे अहसास हुआ कि उसने क्या कर दिया? काफी देर तक वह लाश को देखता रहा। फिर, खून से सना हुआ चाकू लेकर थाने पहुंच गया। वहां पुलिस कर्मियों से बोला- साहब! मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
मामला सोमवार सुबह का मेरठ के खरखौदा कस्बे के तिहाई मुहल्ले का है। पति का नाम विनोद कुमार है। जबकि मृतका का नाम पूनम (35) था। विनोद की 9 साल पहले शादी हुई थी। रविवार रात को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। सुबह पूनम ने साड़ी नहीं पहनी थी। इसी बात को लेकर फिर से पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
पति विनोद ने देर रात तक शराब पी थी। वह नशे की हालत में था। गुस्से में उसने पत्नी पूनम के पेट पर ताबड़तोड़ चाकूओं से वार किए। वह जमीन पर गिर पड़ी तो उसकी गर्दन काट दी। पूनम ने वहीं तड़पकर दम तोड़ दिया। वारदात के समय घर में आरोपी पति की मां जयदेवी पड़ोस में गईं थी। जबकि दो बच्चे कमरे में थे।
फिर थाने पहुंचकर किया सरेंडर
वारदात के बाद पति चाकू लेकर खरखौदा थाने पहुंच गया। वहां पुलिस को बताया कि वह पत्नी को साड़ी पहनने के लिए बोलता था, लेकिन वह घर या बेडरूम में साड़ी नहीं पहनती थी। रविवार रात वह नशे में घर आया तो पत्नी ने गाली-गलौज की। पत्नी को मैक्सी और सूट पहनना पसंद था।
पुलिस से बोला- गुस्से में मार डाला
बिखलते हुए युवक ने कहा कि साहब जिंदगी तबाह हो गई। पत्नी झगड़ा करती थी, उसे गुस्से में मार दिया। मेरे दो छोटे बच्चे हैं, उनका क्या होगा। मेरी जिंदगी बर्बाद थी। सूचना के बाद पुलिस युवक को लेकर घर पहुंची। वहां कमरे में पत्नी की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई थी।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह पत्नी से विवाद रहा है।