आईपीएस अलंकृता सिंह को योगी सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। अलंकृता 2008 बैच की IPS हैं। वह 6 महीने से बिना छुट्टी लिए अनुपस्थित चल रहीं हैं। सिर्फ यही नहीं, अलंकृता लंदन में हैं। नियम के मुताबिक, उनको विदेश जाने के लिए सरकार से अनुमति लेनी होती है। लेकिन, उन्होंने न ही सरकार को इस बारे में सूचित किया और न ही अनुमति ली।
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन में अलकृता बतौर पुलिस अधीक्षक तैनात रहीं हैं। 19 अक्टूबर 2021 यानी करीब 6 महीने पहले अलंकृता ने अपने सीनियर अपर पुलिस महानिदेशक को वॉट्सऐप कॉल किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि वह लंदन में हैं। तब से वह लगातार बिना छुट्टी स्वीकृत कराए अनुपस्थित हैं।
अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने इस संबंध में लेटर जारी किया है। इसमें लिखा गया कि वो लंदन में थीं। लगातार गैर-हाजिर चल रही हैं। उनके विदेश जाने की सरकारी परमिशन भी नहीं ली गई थी। 6 महीने की गैरहाजिरी को अनुशासनहीनता माना गया है।