Breaking News

अखिलेश का दावा, उद्योगपतियों ने खरीद लिया है यूपी और एमपी का गेहूं, एक महीने में बढ़ जाएंगी आटा की कीमतें

यूपी विधानसभा चुनाव में मिली हार के अब अखिलेश यादव की नजर अब 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर टिकी है। मैनपुरी पहुंचे अखिलेश यादव ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को हार से हतोत्साहित न होने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा, उन्हें साढ़े तीन लाख वोट और अधिक मिलते तो सपा की सरकार बन जाती। भाजपा के लोगों ने सरकार छीन ली है।

जनता 2024 और 2027 का इंतजार कर रही है। अखिलेश यादव यहीं पर नहीं रुके। अखिलेश यादव ने प्रदेश में बढ़ रही महंगाई पर योगी सरकार को जमकर घेरा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में गेहूं की खरीद नहीं की जा रही। सरकार के खरीद केंद्रों से अधिक बाजार में किसानों को कीमत मिल रही है। अखिलेश यादव ने दावा किया है कि पूरे देश और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का सारा गेहूं बड़े उद्योगपतियों ने खरीद लिया है। एक माह में अब प्रदेश में गेहूं के आटा की कीमतें बढ़ जाएंगी।

उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव, अडानी जैसे चार लोगों ने किसानों का गेहूं खरीद लिया। सरकारी खरीद केंद्रों पर किसानों को सरकार बाजिव रुपया नहीं दे रही। बाजार में किसानों को अच्छी कीमत मिल रही है। कुछ लोग गेहूं को खरीदकर पैकेट बंद आटा महंगा करके बेचेंगे। जिसका असर गरीब लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, सीमेंट, सरिया महंगे हो गए। घरों में खाली सिलेंडर रखे हुए हैं। देश की कुल आबादी पर जितनी धन दौलत है उतनी धन दौलत देश के चार-पांच लोगों पर हो गई है।

जाति के हिसाब से चल रहा बुलडोजर
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का नया चुनाव चिह्न बुलडोजर जाति और धर्म के हिसाब से चल रहा है। मुख्यमंत्री की जाति के लोगों पर ये बुलडोजर नहीं चल रहा। इस मौके पर पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, पूर्व विधायक राजू यादव, विधायक ब्रजेश कठेरिया, मनोज यादव, रामनरेश यादव, सुरेंद्र यादव, संजीव यादव, अवधेश यादव, कमलेश यादव आदि मौजूद रहे।