ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के सीनियर मैनेजर की बीते दिनों गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ये मामले राजधानी दिल्ली का बताया जा रहा है। हालांकि अब इसी मर्डर केस में बड़ा राज सामने आया है। ये हत्या सड़क पर बाइक सवार कुछ लोगों से कहासुनी की वजह से हुई थी। इस हत्याकांड को लेकर दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कई जानकारी शेयर की है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, दिल्ली के भजनपुरा इलाके में ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन में सीनियर मैनेजर के तौर पर काम करने वाले शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मर्डर केस के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। हालांकि बाद में पुलिस की शुरूआत जांच में पता चला कि, हत्या से पहले प्रबंधक की सड़क पर बाइक सवार कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी। जिसके बाद कुछ लोगों ने उसके सिर में गोली मार दी।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, 36 वर्षीय हरप्रीत गिल और उनके 32 वर्षीय मामा गोविंद सिंह को मंगलवार रात करीब 11 बजकर 30 बजे सुभाष विहार इलाके में गोली मारी गई। गिल और सिंह दोनों बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में गिल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
खबरों के अनुसार, हरप्रीत के चाचा बॉबी सिंह गिल ने कहा कि, मंगलवार को हरप्रीत की छुट्टी थी और वह अपने मामा के साथ बाइक पर सवार होकर घूमने निकला था। वह ऑफिस से आने के बाद टहलने जाता था। रात करीब पौने 11 बजे उसने अपनी मां से कहा कि वह टहलने जा रहा है। तभी एक अन्य दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह मोटरसाइकिल पर गोविंद के साथ था। हमने सुना है कि, एक दोपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और हमलावर उन्हें गालियां देते हुए भाग गए।
दोनों ने सड़क पर दोपहिया वाहन का पीछा किया और इस दौरान उनसे झगड़ा हुआ। इस दौरान जब हरप्रीत और गोविंद उनका मुकाबला कर रहे थे, तभी चेहरा ढंके हुए दो व्यक्ति पीछे से आए और गोलियां चला दीं, जो हरप्रीत और गोविंद को लगीं। हरप्रीत को हाल ही में पदोन्नति मिली थी, वह बेंगलुरु जाने वाला था। वह अविवाहित था, जबकि उसका छोटा भाई शादीशुदा है और उसकी एक संतान भी है।
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी जॉय टिर्की ने कहा कि, गिल और सिंह दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे, जब एक स्कूटर और मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर आए और उन्हें रोकने के बाद गोलीबारी की। हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की पड़ताल की जा रही है। गोलीबारी का सटीक कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि, गोली गिल के सिर के दाहिनी ओर से कान के पीछे घुसी और दूसरी तरफ पार हो गई। हरप्रीत के मामला गोविंद की पत्नी ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि उनके पति को किसने गोली मारी। यह रोड रेज का मामला लगता है। पुलिस ने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच के लिए छह टीम गठित की गई हैं।