जौनपुर जिले के मल्हनी विधानसभा के उपचुनाव के लिए बसपा ने जयप्रकाश दुबे पर दांव लगाया है। शंभूगंज बाजार स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने प्रत्याशी के नाम का एलान किया। इस घोषणा के साथ ही बसपा प्रत्याशी को लेकर कई दिनों से लगाए जा रहे अटकलों का दौर खत्म हो गया और चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि आज प्रदेश की चरमराई कानून व्यवस्था को देख जनता को बसपा का शासन याद आ रहा है। बसपा एक मिशन है, जिसमें दबे कुचले लोगों की आवाज उठाई जाती है। बसपा शुरू से ही समाज में बराबरी का हक दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। सूबे की चार बार मुख्यमंत्री रही मायावती ने सर्वसमाज को सम्मान दिया है। विशिष्ट अतिथि मुख्य मंडल सेक्टर प्रभारी अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि मल्हनी को सपा का गढ़ कहने वालों की धारणा इस उपचुनाव के बाद बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि मल्हनी में अब धनबल व गुंडागर्दी का खात्मा होगा। संचालन जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम ने किया।