बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षाबलों की सख्ती के बीच दुष्कर्मियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश में बीते चार दिनों के भीतर तीन गैंगरेप की घटना घटी है। हैवानियत की यह घटना एक महिला और दो नाबालिग पीड़ित है। पहली घटना फतुहा थाना क्षेत्र के एक गांव में घटी जहां पांच दरिंदों ने नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया।
दूसरी घटना बक्सर के डुमरांव अनुमंडल के मुरार थाना क्षेत्र में घटी। जहां छह साल के बेटे संग रुपये जमा कराने बैंक जा रही 32 वर्षीया महिला के साथ 5 युवकों ने गैंगरेप किया और उसके मासूम बेटे की हत्या भी कर दी। तीसरी घटना दानापुर में घटी जहां ट्रेन पकड़ने जंक्शन जा रही नाबालिग की मदद करने के बहाने एक ऑटो ड्राइवर ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ अपनी हवस का शिकार बनाया। तीनों मामले में अबतक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।फतुहा में किशोरी से पांच युवकों ने किया गैंगरेप
फतुहा थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की देर रात शौच के लिए निकली किशोरी को गांव के ही पांच युवक उठाकर सुनसान इलाके में ले गए और दुष्कर्म किया। दुष्कर्मियों ने किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घर पहुंचने पर पीड़िता ने घटना की जानकारी दी। शनिवार को परिजनों के साथ फतुहा थाने पहुंची किशोरी ने पांच को आरोपित करते हुए मामला दर्ज कराया। पीड़िता का बयान शनिवार को कोर्ट में कलमबंद कराया गया। ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि एक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी है। सभी आरोपितों को स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाई जाएगी। आरोपितों की पहचान हो गई। पुलिस ने चार आरोपित सिंटू, लाला यादव, गजब कुमार व अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि मीतू यादव फरार बताया जाता है। इस आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
मासूम बेटे की हत्या कर महिला से पांच दरिंदों ने किया गैंगरेप :
दूसरी घटना बक्सर के डुमरांव अनुमंडल के मुरार थाना क्षेत्र की की है जहां 32 वर्षीया महिला के साथ गैंगरेप और उसके छह वर्षीय मासूम बेटे की हत्या कर दी गई। मासूम का शव रविवार की सुबह आहर से बरामद किया गया। परिजनों और गांव वालों ने खोजबीन के बाद दोनों को बरामद कर घायल महिला को पीएचसी में इलाज के लिए भेजा जहां से महिला को बेहतर इलाज के लिए बक्सर भेज दिया गया। पीड़िता के पिता का आरोप है कि गैंगरेप के बाद बेटे की हत्या कर दी गयी। पिता के बयान पर पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एक नामजद को गिरफ्तार किया गया है। एसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सकों की टीम का गठन कर महिला का मेडिकल चेकअप कराया गया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी शनिवार को चौगाई बैंक में रुपये जमा करने गई थी। इसी बीच गांव के कुछ दबंग लोगों ने बेटे के साथ महिला को अगवा कर लिया। फिर, उसके साथ गैंगरेप किया और बेटी के सामने ही बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी।
ट्रेन पकड़ने जा रही नाबालिग से ऑटो ड्राइवर ने साथियों संग किया गैंगरेप:
तीसरी घटना पटना के आशियाना से दानापुर जंक्शन ट्रेन पकड़कर अपने घर बिहिया जाने के लिए निकली नाबालिग लड़की को मदद के नाम पर ऑटो ड्राइवर और उसके तीन साथियों ने अपनी हवस का शिकार बनाया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली। केस दर्ज कर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों राजेश, तुलसी और कल्लू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार ऑटो चालक टमाटर उर्फ करमू की तलाश की जा रही है।
पीड़िता ने बताया कि वह आशियाना में एक महिला के यहां दाई का काम करती थी। शनिवार की रात किसी बात को लेकर मकान मालकिन से झगड़ा होने पर वह गुस्से में अपने घर बिहिया जाने के लिए पैदल ही निकल पड़ी। सगुना मोड़ पहुंचने के बाद दानापुर स्टेशन जाने के लिए एक ऑटो पकड़ा। ऑटो में चालक टमाटर उर्फ करमू का साथी राजेश बैठा था। दोनों ने बातचीत करते हुए पीड़िता को ट्रेन नहीं होने की बात कहकर अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद चालक उसे ऑटो से अपने घर ले जाने लगा। रास्ते में ही चालक और उसके दोस्त ने अपने दो साथियों तुलसी और कल्लू को भी फोन कर दिया। बताया गया है कि लेखा नगर निवासी सुबोध सिंह के मकान में कल्लू ने एक गोदाम किराये पर ले रखा है। उसी गोदाम में ले जाकर चारों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
इसे भी पढ़े : कांग्रेस की खुशबू अब कमल के साथ
पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के बाद कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। आवेदन के आधार पर आरोपितों के खिलाफ गैंगरेप की धारा 376 डी, पॉस्को समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, आटो चालक फरार है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अजीत कुमार साहा, थाना प्रभारी दानापुर