Breaking News

सुल्तानपुर: किसान सम्मान योजना में हुआ फ्रॉड, फिंगर प्रिंट लगवाकर महिलाओं से हुई ठगी

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में किसान सम्मान योजना और पेंशन के मामले में फ्राड का मामला प्रकाश में आया है। बैंक आई दो महिलाओं से जालसाज अज्ञात युवकों ने खाता चेक करने के नाम पर फिंगर प्रिंट लगवा कर 18, 900 रुपए निकाल लिए। पूरा मामला बल्दीराय थाना क्षेत्र के पीरो सरैया और कसेरिया गांव का है।

पूरा मामला बल्दीराय थाना क्षेत्र के पीरो सरैया गांव का है। पीरो सरैया गांव की पीड़िता दुलारपति और कसेहिया गांव की सूर्यकली देहली बाजार स्थित बड़ौदा ग्रामीण बैंक में 14 अक्टूबर 2020 को पहुंची थी। आरोप है कि बाइक सवार अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे और सूर्यकली और दुलारपति से किसान सम्मान योजना और पेंशन के रुपयों के जांच करने की बात कही। इसके बाद दोनों अज्ञात युवकों ने मशीन पर दोनो का फिंगरप्रिंट ले लिया।

पीड़िता ने बताया कि जालसाज युवकों ने जानकारी दी कि आप लोगों का पैसा अभी खाते में नहीं आया है। इसके बाद ये दोनों युवक मौके से फरार हो गए। महिलाओं को संदेह हुआ तो इन्होंने बैंक जाकर खाते की जानकारी ली। पता चला कि दुलार पति के खाते से 8900 और सूर्यकली के खाते से 10 हज़ार रुपए निकाल लिए गए हैं।

दोनों महिलाओं ने खाते से निकले पैसे की शिकायत बैंक मैनेजर से की है। मैनेजर ने लोगों से अनुरोध किया है कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति को अपने खाते आधार कार्ड की जानकारी न दें, अन्यथा फ्रॉड कर लोग आपके खाते से पैसों की निकासी कर लेंगे।