अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 8 दिसंबर को दरोगा की लापरवाही के कारण उसके सरकारी पिस्टल से चली गोली वहां खड़ी एक महिला के सिर में जा घुसी थी। जिसके बाद महिला को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गोली से घायल हुई महिला ने आज यानी गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया सूचना पर अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया।
इस मामले में दोषी दरोगा मनोज कुमार फरार चल रहा है। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने के साथ ही 20 हजार का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, थाने के हेड मोहर्रिर सुदीप के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरोगा मनोज कुमार की गोली से घायल महिला छह दिनों तक जिन्दगी और मौत से जूझ रही थी। लेकिन इस लड़ाई में वह हार गई। छह दिन पहले इशरत थाने में पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए थाने आई थी। थाने में सब इंस्पेक्टर हाथ में पिस्टल लिए थे। उसे लोड करते समय अचानक फायरिंग हो गई। जिससे इशरत के सिर में गोली लग गई। वह जमीन पर गिर पड़ी।
आनन-फानन में इशरत को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे थाने में एक सिपाही दरोगा को पिस्टल थमाता है। दरोगा पिस्टल को चेक करता है और इसी दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल जाती है और सामने बुर्का पहने खड़ी महिला के सिर में लग जाती है। इस घटना से पूरे थाने में हड़कंप मच जाता है।