Breaking News

अपर्णा यादव बोली- जनता ने फिर से भाजपा को लाने का मूड बना लिया है, हर वर्ग का साथ देती है BJP

सदर विधानसभा कार्यालय का उद्घाटन करने के लिए भाजपा नेता अर्पणा यादव सोमवार को बहराइच पहुंची। भाजपा नेता की मौजूदगी में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। कार्यालय में भीड़ को देखकर भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा इस बार फिर से बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

लोगों ने भाजपा नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा ने सदर विधानसभा सीट से विधायक रही अनुपमा जायसवाल को एक बार फिर से उम्मीदवार बनाया है। सोमवार को सदर विधानसभा कार्यालय का उद्घाटन हुआ।

लोगों ने ली सेल्फी
मुख्य अतिथि भाजपा नेता अर्पणा यादव रही। उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2017 में भी बहुमत से सरकार बनाई थी। 2022 में भी बहुमत से सरकार बनाएगी। प्रदेश की जनता ने एक बार फिर से मूड बना लिया है कि भाजपा को ही जिताना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग को साथ में लेकर चलती है। भाजपा सरकार ने निचले पायदान पर भी खड़े लोगों तक सेवाएं पहुंचाने का काम की है।

भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार में सब लोग सुरक्षित हैं। दिन हो या रात बेटियां निश्चिंत होकर अपने घर सुरक्षित पहुंच रही हैं। सुरक्षा सिर्फ भाजपा सरकार में ही संभव है। इस दौरान भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। लोगों का उत्साह चरम पर रहा। भाजपा नेता के साथ सेल्फी लेने के लिए भी जमावड़ा लगा रहा।