बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद का आज निधन हो गया। सतीश प्रसाद 84 साल की उम्र में राजधानी दिल्ली में निधन हो गया है। पूर्व सीएम सतीश प्रसाद की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों को बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सतीश प्रसाद सिर्फ पांच दिन के लिए बिहार के सीएम बने थे। बिहार के कई बड़े नेताओं ने सतीश प्रसाद के निधन पर शोक प्रकट किया है।
बता दें कि आरएलएसपी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट किया है, ‘’वयोवृद्ध लोकसमतावादी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री सतीश प्रसाद सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं. ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों के लिए संबल की कामना करता हूं. पिछड़ों, शोषितों, दलितों और वंचितों के हक की लड़ाई में वे अग्रणी रहे थे.’’
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट किया, ”बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह जी का निधन दुःखद. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें.”
महज 5 दिनों के लिए सीएम
सतीश प्रसाद सिंह 1968 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि, महज 5 दिन ही वो मुख्यमंत्री के पद पर रहे। उनके सीएम बनने का किस्सा बड़ा दिलचस्प था। 1967 में जब चौथी विधानसभा के लिए चुनाव हुए थे तो उस समय कांग्रेस को बिहार में बहुमत नहीं आया था। ऐसे में प्रदेश में पहली बार गैर कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी। उस समय जनक्रांति दल के महामाया प्रसाद सिन्हा को सीएम बनाया गया, लेकिन एक साल पूरा होने से पहले ही उन्हें कुर्सी छोड़नी पड़ी।
सीएम बनने का किस्सा था बड़ा दिलचस्प
इसी बीच संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के नेता सतीश प्रसाद सिंह को मुख्यमंत्री बनाया गया। हालांकि, वो भी महज 5 दिन ही सीएम की कुर्सी पर रह सके। उनके बाद में बीपी मंडल को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया गया लेकिन वो भी महज 31 दिन ही सीएम की कुर्सी संभाल सके। सतीश प्रसाद सिंह 1980 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर बिहार के खगड़िया सीट से 7वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे।
वहीं, बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा है, ”सतीश बाबू एक लोकप्रिय राजनेता और संवेदनशील समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है.” राज्यपाल ने दिवंगत नेता की आत्मा को चिरशांति तथा शोक-संतप्त उनके परिजनों को धैर्य-धारण की क्षमता प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।