मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में ट्रांसजेंडर के लिए उत्तर प्रदेश का पहला ‘गरिमा गृह’ स्थापित किया जाएगा। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की इस योजना के अंतर्गत इस गरिमा गृह का उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आश्रय प्रदान करना है। गरिमा गृह का संचालन ट्रांसजेंडरों द्वारा संचालित समुदाय आधारित संगठन के सहयोग से किया जाएगा। सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को यूपी ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड की सदस्य किन्नर महामण्डलेश्वर कनकेश्वरी नंद गिरि की मौजूदगी में यह घोषणा की।
विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय किन्नर कल्याण समिति की बुधवार को पहली बैठक हुई। कमेटी का गठन नवंबर माह में हुआ था। इस दौरान गरिमा गृह के निर्माण के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास वेद प्रकाश मिश्र को नोडल नियुक्त किया गया। गरिमा गृह में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आश्रय, भोजन, चिकित्सा देखभाल, मनोरंजन, कौशल विकास एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में समिति के नोडल जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अमरीश यादव के अलावा काफी संख्या में ट्रांसजेंडर मौजूद रहे। यूपी ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड की सदस्य किन्नर महामण्डलेश्वर कनकेश्वरी नंद गिरि ने सीडीओ इंद्रजीत सिंह का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने संवेदनशील रुख अपनाते हुए उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार किया।
स्वयं को राष्ट्रीय पोर्टल पर पंजीकृत करें, मिलेंगी सुविधाएं
बैठक में सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने सभी ट्रांसजेंडर से अपील की कि ‘ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए राष्ट्रीय पोर्टल’ पर खुद को पंजीकृत करें। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल देश में कहीं से भी एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति को प्रमाण पत्र और पहचान पत्र के लिए डिजिटल रूप से आवेदन करने में मदद करेगा। बैठक के बीच ही एक ट्रांसजेंडर को उन्होंने पोर्टल पर पंजीकृत कराकर दूसरों को भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ट्रांसजेंडर के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पाने के लिए जरूरी है कि ट्रांसजेंडर स्वयं का पहचान पत्र बनाएं।
विकास भवन में हेल्पडेस्क बनाए जाने का आश्वासन
बैठक में सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने एकता सेवा संस्था की सचिव एकता की मांग पर विकास भवन में हेल्पडेस्क बनाए जाने का आश्वासन दिया। कहा कि इस बारे में जिलाधिकारी से वार्ता के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने ट्रांसजेंडरों के लिए संचालित योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रचार-प्रसार पर जोर देने और सिंगल विंडो के निर्माण का आश्वासन दिया।
राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड भी बनेगा
सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने विश्वास दिलाया कि सभी अपने पहचान पत्र बनाएं। उसके बाद आधार कार्ड और पहचान पत्र के आधार पर सभी को अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा उनके कैशलेस उपचार के लिए राशन कार्ड के आधार पर उन्हें आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। मनरेगा जॉब कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।