Breaking News

बाहुबली धनंजय सिंह को रोकने के लिए आज जौनपुर में उतरेगा सीएम योगी का हेलीकॉप्टर..

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 31 अक्तूबर को जिले में होंगे। मल्हनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सिकरारा बाजार से सटे ताहिरपुर बाग में जनसभा के जरिये वह कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। सूचना के बाद जिला व पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। हेलीपैड से लेकर मंच तक अफसरों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।  

दरअसल उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले एक नवंबर की शाम से चुनावी शोर थम जाएगा। भाजपा की ओर से चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  जिले में आ रहे हैं। वह दोपहर दो बजे हेलीकाप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और तीन बजे तक वह सभा स्थल पर रहेंगे। यहां से सीधे वाराणसी रवाना होंगे। 

डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसपी राजकरन नय्यर सहित पुलिस-प्रशासन के अन्य अफसरों ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ली। भाजपा की ओर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, सतीश सिंह आदि ने कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन किया। इसके बाद मंच निर्माण का कार्य शुरू हुआ। कार्यक्रम स्थल से 70 मीटर दूर खाली खेत में हेलीपैड का निर्माण किया गया है। खाली कराया गया बाग सिकरारा। सीएम के कार्यक्रम स्थल को लेकर काफी देर तक असमंजस की स्थिति रही। पहले कार्यक्रम शेरवां बाजार स्थित इंटर कॉलेज में तय किया गया था, लेकिन वहां पहले से ही दूसरे दल का कार्यक्रम होने के कारण बाद में ताहिरपुर बाग का चयन किया गया। बाग में धरकार जाति के कुछ परिवार आशियाना बनाए हुए थे। आननफानन प्रशासन ने उन्हें वहां से हटवाया। बाद में उन्हें दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया।