लखनऊ: विधानसभा उपचुनाव के नतीजे कांग्रेस के लिए उम्मीद जगाने वाले रहे हैं। हाल के महीनों में कांग्रेस के संगठन में कई बदलाव देखने को मिले। लॉकडाउन के दौरान घर वापसी करने वाले मजदूरों का मुद्दा हो या महंगाई, कांग्रेस के नेता मुख्य विपक्ष की भूमिका में नजर आए। सात सीटों में छह भाजपा और एक सपा के पास गई लेकिन कांग्रेस दो सीटों पर दूसरे नम्बर की टक्कर देने में सफल रही।
देर शाम कांग्रेस के थिंक टैंक इस विषय पर आपस में चर्चा करते दिखे। साथ ही 2022 के लिए हौसला भी कुछ बुलंद हुआ है। उपचुनाव में बांगरमऊ और घाटमपुर सीटों पर कांग्रेस का सीधा विपक्षी दल भाजपा से मुकाबला रहा। दोनों ही स्थानों पर भाजपा ने सीट जीत ली। दूसरी तरफ अन्य विपक्षी दलों को पीछे छोड़ते हुए कांग्रेस दूसरे नम्बर पर रही। वहीं, बुलंदशहर में कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे नम्बर पर रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के अनुसार उनकी पार्टी बूथ स्तर तक मजबूत हुई है। गरीबों, मजबूरों और शोषितों की आवाज उठाने में कांग्रेस कार्यकर्ता आगे रहे हैं।
किसे कितने प्रतिशत वोट मिले
भाजपा 36.73 फीसदी
बसपा 18.97 फीसदी
कांग्रेस 7.53 फीसदी
सपा 23.61 फीसदी
एनसीपी 0.20 फीसदी
एआईएमआईएम 0.37 फीसदी
रालोद 0.56 फीसदी
नोटा 0.67 फीसदी
अन्य 11.36 फीसदी