Breaking News

संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ मुंबई में AAP का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में

Delhi Liquor Scam: दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं के मामले में लंबी पूछताछ के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया। इसे लेकर आप और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के तमाम नेता बीजेपी पर हमलावर हैं। सभी ने एक सुर में ईडी की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है और सिंह की गिरफ्तारी को अवैध बताया है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन किया।

दिल्ली शराब नीति में कथित घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय सिंह को ईडी ने बुधवार को गिरफ्तार किया। ईडी ने कल सुबह आप के 51 वर्षीय नेता के परिसरों पर छापेमारी भी की थी। सिंह की गिरफ़्तारी के विरोध में गुरुवार को मुंबई के ईडी दफ्तर के बाहर आप ने प्रदर्शन किया। इस दौरान मुंबई पुलिस ने आप के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

आप के नेताओं का आरोप है कि मुंबई पुलिस ने बीती रात ही उनके 15 से अधिक बड़े नेताओं को उनके घरों पर हिरासत में रखा। जिससे विरोध प्रदर्शन (Mumbai AAP Protest) को कमजोर किया जा सके।
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत आज दिल्ली में आप सांसद संजय सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने संजय सिंह के परिवार से मुलाकात की। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा “यह लड़ाई देश की है, हम मानसिक रूप से तैयार हैं कि हम सबको गिरफ्तार किया जाएगा। यह आपातकाल से भी ज्यादा भयंकर स्थिति है… मैंने संजय सिंह के घर जाकर उनकी पत्नी और मां से मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि हम सब उनके साथ हैं…।”

बता दें कि संजय सिंह आप के वरिष्ठ नेता व पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया के बाद अब रद्द की जा चुकी आबकारी नीति से संबंधित मामले में गिरफ्तार होने वाले पार्टी के दूसरे ‘हाई प्रोफाइल’ नेता हैं। सिंह की गिरफ्तारी से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी और बीजेपी के बीच राजनीतिक खींचतान बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *