Breaking News

भाजपा की ब्लाक प्रमुख का इस्तीफा, डीएम ने वापस कराया..

भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही भाजपा नेताओं का उत्पीड़न हो रहा है एक बार फिर इस तरह के आरोप लगे हैं। रामपुर जिले में भाजपा की चरमौवा ब्लाक प्रमुख ममता ने प्रभारी बीडीओ पर विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा जिलाधिकारी को सौंप दिया। भाजपाइयों के साथ डीएम से मिलने पहुंचे ब्लाक प्रमुख पति ने सीधे तौर पर अफसरों पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार को कुछ अफसर बदनाम कर रहे हैं। गांवों में विकास नहीं हो रहे हैं। अफसर रोड़ा अटका रहे हैं। इसलिए वह इस्तीफा दे रही हैं। भाजपाइयों के आरोपों को सुनकर आखिरकार डीएम ने उन्हें मनाते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया है।

भाजपाई कई दफा प्रशासनिक अफसरों पर अपनी उपेक्षा का आरोप लगा चुके हैं। एक बार फिर भाजपाइयों के तेवर प्रशासन के खिलाफ कड़े हो गए हैं। चमरौवा की ब्लाक प्रमुख ममता भाजपा से हैं और उनके पति हंसराज पप्पू भाजपा के जिला महामंत्री के पद पर हैं। बुधवार की शाम को प्रमुख पति, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता व अन्य भाजपाइयों के साथ जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधिकारी को इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को सौंपे इस्तीफा में आरोप लगाया कि अफसर भाजपा की सरकार को बदनाम कर रहे हैं। विकास कार्यों में अड़ंगा लगा रहे हैं। उन्होंने चमरौवा के प्रभारी खंड विकास अधिकारी एवं एसडीएम सदर पर आरोप लगाया कि वह विकास कार्यों में सीधे तौर पर रोड़ा अटका रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि 14 कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, लेकिन प्रभारी बीडीओ की ओर से वर्क आर्डर जारी नहीं किए जा रहे हैं, जबकि टेंडर खुलने के बाद तुंरत वर्क आर्डर होता है। कई विकास कार्यों के भुगतान भी प्रभारी बीडीओ नहीं कर रहे हैं। भाजपाइयों ने सीधे तौर पर प्रभारी बीडीओ व एसडीएम सदर पर उपेक्षा करने का आरोप लगाया। आरोप लगाया है कि वह दलित हैं, इसलिए अधिकारी उनके प्रति अच्छी सोच नहीं रखते हैं। ब्लाक प्रमुख ने अफसरों पर विकास कार्यों में रोड़ा अटकाकर सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया। कहा कि अफसरों की उपेक्षा से नाराज होकर वह अपने पद से इस्तीफा दे रही हैं। डीएम ने भाजपाइयों की पूरी बात सुनी और फिर काफी देर की मानमनोव्वल के बाद प्रमुख पति व अन्य भाजपाइयों को मना लिया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, महासचिव हरीश गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सरन मिश्रा, कपिल आर्य, विकास दीक्षित, इम्तियाज हुसैन चिंटू, राजू शर्मा आदि मौजूद रहे।

पिछले दिनों भाजपा की ब्लाक प्रमुख ममता एवं भाजपा के जिला महामंत्री हंसराज पप्पू के बेटे की पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्कूटी सीज कर दी थी, जिस पर भाजपाइयों ने नाराजगी जाहिर करते हुए अफसरों से मुलाकात की थी। हालांकि बाद में पुलिस और भाजपाइयों के बीच समझौता भी हो गया था। ममता, ब्लाक प्रमुख चमरौवा ने बताया कि प्रभारी बीडीओ विकास कार्यों में रोड़ा अटका रहे हैं। कुछ अफसर भाजपा सरकार को बदनाम करने में लगे हैं। विकास कार्यों की उपेक्षा की जा रही है। वह पूरी तरह गलत है। उपेक्षा से वह तंग आ चुकी हैं। डीएम को इस्तीफा दिया गया, मगर डीएम ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

इसे भी पढ़े: अवैध शराब बेचने वाली महिलाओं को एसपी ने दिखाया नया रास्ता, बदल गई जिंदगी..