कांग्रेस नेता व पूर्व एमएलसी दीपक सिंह के खिलाफ अमेठी में मुकदमा दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा इसलिए दर्ज किया गया है क्योंकि बीते दिनों एक धरना प्रदर्शन के दौरान उन्होंने बीजेपी सासंद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ विवादित बयान दिया था। दीपक सिंह ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर कमेंट करते हुए पाकिस्तानी कहा था। जिसके बाद काफी ज्यादा विवाद बढ़ गया और अब उनके खिलाफ अमेठी के गौरीगंज थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दीपक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद अब उनकी प्रतिक्रिया सामने आई है। जिसमे उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, संविधान की आर्टिकल 19 पर है गर्व, लोकतांत्रिक ढंग से अमेठी की भलाई और दवाई के लिए लड़ते रहेंगे सत्याग्रह करते रहेंगे।
उन्होंने अपनी बात में कहा कि, मुझे नहीं पता कि, कौन सा वीडियो वायरल है। मुझे यह पता है कि, मेरे ऊपर एक एफआईआर की गई है। लेकिन उस बारे में मैं फिर से कहता हूं कि, हमे गर्व है कि हम भारतवासी हैं। हमारे देश ने हमें एक बेहतर दुनिया का सबसे बेहतर संविधान दिया है। हमे उस संविधान पर गर्व है, हमें उस संविधान की बहुत सारी धाराओं पर गर्व है। हमें आर्टिकल 19 पर गर्व है। हम सब ने जब पहले दिन सत्याग्रह शुरू हुआ था, जब संजय गांधी अस्पताल बंद हुआ था। तब हम लोग कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने गए थे। तब हमने इतना ही किया था कि, जब तक स्वास्थ्य सेवाएं बहाल नहीं होगी, हम अमेठी वासी इसके खिलाफ संघर्ष करेंगे सत्याग्रह करेंगे।
लोकतांत्रिक ढंग से सत्याग्रह करने की इजाजत संविधान का आर्टिकल 19 हमें देता है। हमने जो बातें पहले कही थी उस पर अगर भाजपा से किसी महामंत्री को दर्द होता है या महामंत्री की दीदी को दर्द होता है तो हम फिर से कहना चाहते हैं कि, हमें अपने देश के संविधान पर गर्व है। हम अपने देश में अपने संविधान के अनुरूप अपने कार्यक्रम को संचालित करेंगे अपनी बात कहेंगे। बिना डरे पूरी आजादी के साथ अगर इस पर किसी चीनी को, ईरानी, पाकिस्तानी को कोई तकलीफ होती है तो इससे हमें कोई तकलीफ नहीं होती है। हम जेल से डरने वाले नहीं हैं। हमारे नेता राहुल गांधी कहते हैं कि, डरो मत आगे बढ़ो।
हम नेहरू गांधी परंपरा के लोग हैं, हम लड़ना जानते हैं। अमेठी की भलाई और दवाई के लिए अपनी बात कहते रहेंगे। हम माफी भी नहीं मांग सकते, हम माफी मांगने वाली परिपाटी के नहीं है। हमे पेंशन भी नहीं चाहिए, मुझे कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के उच्च सदन भेजा था, मुझे पेंशन भी मिलती है, यात्रा भत्ता भी मिलता है। जैसा कि राहुल गांधी कहते हैं कि, अमेठी उनका घर है। अमेठी की भलाई और दवाई के लिए लड़ते रहेंगे। यहां के हर सदस्य के अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे। उसके लिए खड़े होते रहेंगे। हम एफआईआर से नहीं डरते हैं और ना ही किसी ऐसे कानूनी कार्रवाई से डरते हैं, जो की अनैतिक ढंग से किया गया हो।