उत्तर प्रदेश में आज विधान परिषद चुनाव (MLC) का परिणाम आ रहा है। मेनका गांधी के संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर में पहली बार भाजपा ने जीत दर्ज कराई है। यहां से शैलेंद्र प्रताप सिंह विजयी हुए हैं। एमएलसी पद पर यह उनकी पांचवी जीत है। उन्होंने गायत्री प्रजापति की पुत्र वधू शिल्पा प्रजापति को 1269 मतों से शिकस्त दिया है।
सरदार बल्लभ भाई पटेल सामुदायिक भवन में हुई गिनती
बता दें कि नगर के सरदार बल्लभ भाई पटेल सामुदायिक भवन में आज मतगणना हुई। भाजपा प्रत्याशी शैलेन्द्र प्रताप सिंह को जहां 2480 मत तो वही सपा की शिल्पा प्रजापति को 1211 मत मिले। पूरे समय यहां डीएम रवीश गुप्ता स्वंय मौजूद रहे। गौरतलब रहे कि सुल्तानपुर-अमेठी में कुल 3895 वोटर थे। इनमें सुल्तानपुर में 2220 तो अमेठी में कुल 1675 मतदाता थे। सुल्तानपुर में जहां 2205 वोट पड़े थे वहीं अमेठी में 1642 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
जनवरी में जॉइन किया था भाजपा
आपको बता दें कि भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह 1990 में जनता दल (जनमोर्चा) से विधान परिषद सदस्य चुने गए। फिर वर्ष 1996 और 2003 में भी वो विधान परिषद सदस्य चुने गए। इस बीच उन्होंने प्रतापगढ़ में कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह के संपर्क में होने के कारण समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। वर्ष 2004 में सपा से लोकसभा का प्रत्याशी बनाया गया, जिसमें उन्हें बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) के मोहम्मद ताहिर खां ने पराजित कर दिया। शैलेंद्र प्रताप को 1,59,754 वोट मिले थे।
वर्ष 2010 में उन्होंने पुनः विधान परिषद का चुनाव लड़ा, मगर बसपा की लहर में उन्हें अशोक सिंह से हार का सामना करना पड़ा। उधर, 2016 के चुनाव में शैलेंद्र सिंह ने फिर से विधान परिषद का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कराई थी। 16 जनवरी 2022 को वो सपाई से भाजपाई बन गए थे। उन्होंने पार्टी त्यागा ही था एमएलसी का पद बचाने के लिए। आज जहां उन्होंने अपना पद बचाया वही भाजपा की झोली में पहली बार सीट जीतकर दिया।