उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रविवार को एक बहुत ही दर्दनाक घटना घटी है। उन्नाव में करंट से एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई। खबरों में बताया जा रहा है कि, एक नन्हा लड़का अचानक पंखे की चपेट में आ गया और इसके बाद उसे बचाने की कोशिा में उसके छोटे भाई-बहन के साथ एक बड़ी बहन की भी जान चली गई। इस घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय पुलिस भी मौके का मुआयना करने के बाद आगे की छानबीन में जुटी हुई है।
वाकया जिले के बारासगवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव लालमन खेड़ा का है। खबरों के अनुसार बताया जा रहा है कि, गांव का किसान वीरेंद्र कुमार पासी और उसकी पत्नी धान की कटाई के लिए खेत में गए हुए थे, पीछे से दंपति के दो बेटे और दो बेटियां करंट की चपेट में आने से मारे गए। पड़ोस की एक महिला ने घर में बच्चों को पड़े देखा तो उसने खेत में जाकर वीरेंद्र को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद जब वीरेंद्र और उसकी पत्नी घर वापस आए तो चारों बच्चे दम तोड़ चुके थे।