हाथरस की बिटिया के साथ दरिंदगी और उसके बाद हुई उसकी मौत को लेकर दिल्ली से हाथरस सहित देश भर में गुस्सा है। लोग गुस्से में हैं। घटना को लेकर धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं और आरोपियों को जल्द सख्त सजा की मांग की जा रही है।
चंदपा क्षेत्र के लोगों ने हाथरस शहर में कई स्थानों पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और जुलूस निकाले। मुख्य रूप से तालाब चौराहे पर जाम लगाया और दो घंटे तक यातायात बाधित रखा। आक्रोशित लोग सड़क पर लेट गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इन लोगों को जैसे-तैसे समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। आक्रोशित लोगों ने योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और कुछ युवक सड़क पर लेट गए। मौके पर काफी पुलिस बल पहुंच गया।
हाथरस सामूहिक दुष्कर्म की पीड़ित युवती की मौत के बाद दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन के नेतृत्व में इंडियन यूथ कांग्रेस व कांग्रेस की अन्य यूनिटों के नेता व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार दोपहर को विजय चौक पर प्रदर्शन किया। नई दिल्ली जिल की संसद मार्ग थाना पुलिस ने कांग्रेसी महिला व पुरूष कार्यकर्ताओं के खिलाफ देर शाम को मामला दर्ज कर लिया।
यूपी के हाथरस जिले में दुष्कर्म की घटना और पीड़िता की मौत को देश के लिए शर्म की बात बताते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोषियों को जल्द से जल्द फांसी दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाथरस की पीड़िता की मौत पूरे समाज, देश और सभी सरकारों के लिए शर्म की बात है। बड़े दु:ख की बात है कि इतनी बेटियों के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं और हम अपनी बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पा रहे। दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिलनी चाहिए।