Breaking News

अयोध्या के सरकारी स्कूलों बदलेगी सूरत, कॉन्वेंट की तर्ज पर विकसित होंगे 49 स्कूल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्कूल निरीक्षण के बाद अब अयोध्या जिले के 49 सरकारी स्कूलों का कायाकल्प होने जा रहा है। इन स्कूलों की रंगाई-पुताई और मरम्मत कराकर सुंदर स्कूल बनाया जाएगा। शहर की सीमा के आसपास के 43 ग्राम पंचायतों के अयोध्या नगर निगम में शामिल होने के बाद इन गांवों में स्थापित 49 परिषदीय स्कूलों को चिह्नित किया गया है।

कॉन्वेंट की तर्ज पर किया जाएगा विकसित
अयोध्या विकास प्राधिकरण और बेसिक शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में आने वाले स्कूलों को विकसित करने जा रहा है। शासन की ओर से इसके लिए मंजूरी मिल गई है। इन स्कूलों को सुंदर बनाने के लिए 4.76 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। गौरतलब है कि प्राधिकरण सीमा में रहने वाले इन इलाकों में स्थित परिषदीय स्कूलों की दशा भी बहुत खराब है।

अयोध्या नगर निगम में आने के बाद 43 ग्राम पंचायतों में स्थापित 49 सरकारी स्कूलों हालत बहुत खराब थी। इन स्कूलों के कायाकल्प करने की बात बहुत दिनों से चल रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री के अयोध्या आने के बाद इसमें तेजी आई है।

स्कूलों में दिव्यांगों के लिए अलग होगी व्यवस्था
कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों में छात्र व छात्राओं के साथ दिव्यांगों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। विद्यालयों की ईंट से निर्मित फर्श पर टाइल्स आदि लगाया जाएगा। साथ ही इनकी चारदीवारी और भव्य गेट का भी निर्माण कराया जाएगा। बच्चों को शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ मशीन भी लगाई जाएगी। बच्चों के बैठने के लिए नए फर्नीचर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने बताया कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद इन स्कूलों में जल्द काम शुरू किया जाएगा।