उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है जहां पर एक दुल्हन ने तीन फेरे होने के बाद शादी करने से इंकार कर दिया। दुल्हन शादी के मंडप में तीन फेरे ले भी चुकी थी, तभी उसे पता चला कि दुल्हा शराबी है। दुल्हा मंडप में भी नशे में था। हालांकि, इस दौरान लड़के पक्ष काफी देर तक लड़की के घरवालों से मान-मनौव्वल करते रहे। लेकिन दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह शराबी युवक से शादी नहीं करेगी, अंत में शादी नहीं हुई और दूल्हे के घरवाले वापस घर लौट गए।
हाथरस जिले के नगला नवल गांव निवासी जितेंद्र (28) की शादी फिरोजाबाद के पचोखरा की रहने वाली भावना से तय हुई थी। 23 नवंबर को दोनों की शादी थी। दुल्हा पक्ष बारात लेकर आया था, सादाबाद के एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह का आयोजन हुआ था। जयमाला के बाद दुल्हा और दुल्हन को फेरे लेने के लिए मंडप में लाया गया, दुल्हा और दुल्हन साथ में फेरे ले रहे थे, दोनों के तीन फेरे हो चुके थे।
तभी दुल्हन को यह पता चला कि दुल्हा शराबी है और उसने फेरे के समय भी शराब पी रखी है। इसके बाद युवती ने बाकी के फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया। युवती का कहना था कि उसका होने वाला पति शराबी है और उसके पिता से 15 लाख रुपए की दहेज की मांग लड़के पक्ष के कर रहे हैं। इसलिए वह किसी भी हाल में यह शादी नहीं करेगी।
वहीं, दूल्हे के मुताबिक, वह शराबी नहीं है और उसने दहेज की भी मांग नहीं की। युवक का आरोप है कि जिस लड़की से उसकी शादी होने वाली थी, वह तलाकशुदा है, लेकिन यह बात लड़की के घरवालों ने छिपा कर रखी थी। कोतवाली निरीक्षक सादाबाद मुकेश कुमार के मुताबिक, दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। बिना शादी के दोनों पक्ष वापस चले गए।