मुलायम परिवार की बहू अर्पणा यादव हों या तौकीर रजा की बहू निदा खान दोनों परिवार से अलग जाकर सियासत कर रही। इन दो बहुओं के बाद राजनीति के मैदान में अमेठी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आशीष शुक्ला की बहू जयवाहिनी शुक्ला क्षेत्र में जाकर ससुर के लिए अलग अंदाज से वोट मांग रही है। अमेठी की गलियों में निकली यह बहू क्षेत्र के वोटरों से मिलकर कह रही “अरे हम शुक्ला जी की बहू हैं।”
महिलाओं से जाकर ले रही आशीर्वाद
बहू सुसराल की गलियों में जाकर ससुर के लिए वोट मांग रही। लोग उसका अपने-अपने घरों पर स्वागत कर रहे। वो लोगों को संबोधित कर आशीर्वाद मांग रही है। बहू यहां महिलाओं के पास जाकर आशीर्वाद ले रही है। जिससे क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह भी दिख रहा है। बता दें कि अमेठी विधानसभा में इस समय मुकाबला दिलचस्प चल रहा है। यहां पर भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह को प्रत्याशी बनाया है तो समाजवादी पार्टी पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रजापति को प्रत्याशी बनाया है।
तीन चुनाव हार चुके हैं आशीष शुक्ला
दूसरी तरफ भाजपा से कांग्रेस में आए वरिष्ठ नेता आशीष शुक्ला को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाकर त्रिकोणीय मुकाबला कर दिया है। सभी प्रत्याशी जोर शोर से प्रचार करने में लगे हैं। बताते चलें कि संजय सिंह जहां 33 सालों के बाद विधानसभा चुनाव में ताल ठोक रहे वहीं आशीष शुक्ला 2002 से 2012 के बीच में लड़ चुके तीन चुनाव हार चुके हैं। वहीं सपा ने 2017 के रनर गायत्री की पत्नी को टिकट देकर सियासी जंग में ट्विस्ट ला दिया है।