Breaking News

अलीगढ़ में किशोरी को गायब कराने में सहयोग के आरोप से आहत होकर महिला ने की खुदकुशी

गंगीरी क्षेत्र के गांव कुमरौआ निवासी 35 वर्षीय महिला पर गांव से गायब हुई एक किशोरी का सहयोग करने का आरोप लग रहा था, जिससे आहत होकर महिला ने थाने से घर पंहुचने पर कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्म हत्या कर ली।

गेहूं की फसल काटने के दौरान गायब हुई थी किशोरी

थाना क्षेत्र के गांव कुमरौआ निवासी 16 वर्षीय किशोरी खेत से गेहूं की फसल काटने के दौरान गायब हो गई थी। किशोरी के स्वजनों ने गांव की ही 35 वर्षीय नारायन देवी पत्नी स्व महेंद्र सिंह पर किशोरी के सहयोग तथा उसे एक युवक के साथ भेजने का आरोप लगाते हुए 112 नंबर पर काल की । सूचना पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिला को थाने ले आई। उसके बाद थाना पुलिस ने पूछताछ करने के बाद महिला को छोड़ दिया।

आरोप लगने से दुखी थी महिला

करीब 11 बजे घर पहुंची महिला ने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। रात करीब दो बजे तबियत बिगड़ने पर वह उल्टी करने लगी। जिस पर जागे पड़ोसी उसे उपचार के लिए स्थानीय चौराहे पर ले गए। जहां उसकी मौत ही गई। महिला की मौत की सूचना पर क्षेत्र के गांव रामनगर से उसके मायके पक्ष के सैकडों लोग पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर थाना पुलिस के साथ पाली मुकीमपुर पुलिस भी गांव कुमरौआ पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को रोता-बिलखता हुआ छोड़ गई। अभी तक थाना पुलिस को तहरीर प्राप्त नही हुई है।