उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अजीबोगरीब खूनी प्रेम कहानी सुर्खियों में है। पहले प्रेम प्रसंग को लेकर बवाल हुआ पंचायत बैठी प्रधान जी के सामने प्रेमिका के अस्मत की कीमत तीस हजार लगाई गई। तीस हजार का लेनदेन हो पाता इससे पहले प्रेमिका की लाश प्रेमी के घर में पाई गई। यह सनसनीखेज वारदात कंधई कोतवाली के ताला गांव की है।
दरअसल लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर इज्जत का सौदा करने वाला आरोपी फरार है। बुधवार को पंचायत में प्रधान ने तय किया कि आरोपी प्रेमी लडक़ी वालों को तीस हजार रुपये देंगा।मगर रात में बवाल हो गया।लड़की और लड़का दोनो दलित और पड़ोसी थे। आरोप है कि एक तरफ पंचायत चल रही थी तो दूसरी तरफ प्रेमी ने अपने परिवार के साथ किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी। लड़की का भाई बचाने दौड़ा तो उसकी जमकर पिटाई हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठियां चलने लगीं जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। किशोरी का शव आरोपी युवक के घर के सामने पड़ा मिला। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी प्रेमी फरार है।
इसे भी पढ़े: शौचालय का रंग हुआ समाजवादी तो शुरू हो गया योगी सरकार का विरोध..
किशोरी के भाई का आरोप है कि उसकी आंखों के सामने लोगों ने बहन का गला दबाकर मार डाला। बताया जा रहा है कि जिस लड़की की हत्या हुई है वह मंगलवार को प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी।17 साल की नवयुवती का अपने पड़ोसी युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को दोनों घर से भाग गए थे। बुधवार सुबह जब वापस लौटे तो किशोरी के नाराज घरवालों ने उसे प्रेमी के साथ ही रहने की बात कह उसके घर भेज दिया। इसके बाद दोनों पक्ष गांव के प्रधान के घर गुहार लगाने पहुंचे। पंचायत के दौरान प्रधान अयोध्य प्रसाद गुप्ता ने 30 हजार रुपये लेकर किशोरी के घरवालों को समझौता करने के लिए कहा। किशोरी के भाई का आरोप है कि इसी दौरान प्रेमी ने अपने घरवालों के साथ मिलकर उसकी बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान मौका पाकर प्रेमी फरार हो गया। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्ष अलग-अलग आरोप लगा रहा हैं। एक ओर मृतका के पक्ष के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी ओर आरोपी पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।