कानपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (CBI)कराचीखाना ब्रांच में दो और लॉकरों से 70 लाख के जेवरात गायब होने की बात सामने आई है। अब तक बैंक के 9 लॉकरों से 3.25 करोड़ से ज्यादा के जेवरात चोरी हो चुके हैं। सिर्फ यही नहीं, बैंक के 4 अन्य लॉकरों का ताला भी चाबी से नहीं खुल रहा है। जल्द ही उन्हें भी तोड़कर देखा जाएगा। उधर, पीड़ित कस्टमर बैंक और पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। बैंक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और जेवरात वापस लेने के लिए गुरुवार को आरबीआई कानपुर के सामने प्रदर्शन करेंगे।
जिन लॉकरों में चाबियां नहीं लगी, तोड़ने पर खाली निकल रहे
डीसीपी ईस्ट प्रमोद कुमार ने बताया कि बुधवार को फीलखाना निवासी सुशीला अपने बेटे कपिल शर्मा और विकास के साथ लॉकर चेक करने बैंक पहुंची थीं। लॉकर की चाबी न मिलने से मां-बेटों के चेहरे की रंगत उड़ गई। फिर गोदरेज लॉकर की टीम बुलाई गई और लॉकर तोड़ा गया तो होश उड़ गए। सोने के 60 लाख रुपए से ज्यादा के जेवरात गायब थे।
वहीं, बिधनू निवासी महेद्र नाथ सविता के दूसरा लॉकर से 2.50 लाख का पुश्तैनी हार गायब मिला। एक के बाद एक नौ लॉकर से करीब सवा तीन करोड़ के जेवरात चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को बैंक में लॉकर चेक करने वालों की कतार लग गई। करीब चार लॉकर इस तरह के सामने आए हैं। इनकी चाबियां नहीं लग रही हैं।
प्रमोद कुमार ने बताया कि अब इन सभी लॉकरों को तोड़कर चेक किया जाएगा। जितने भी लॉकरों से जेवरात गायब हुए हैं। एक भी लॉकर की चाबी नहीं लग रही थी, जब तोड़ा गया तो जेवरात गायब मिले थे।
पाकिस्तानी कड़े और पुस्तैनी जेवरात चोरी
लॉकर से जेवरात गायब होने के बाद फीलखाना निवासी सुशीला देवी ने बताया कि 250-250 ग्राम के दो पाकिस्तानी कड़े थे। वह गायब हैं। वहीं, उनका बेटा विकास बोला कि पाई-पाई जोडे़ गए पुश्तैनी कीमती गहने चले गए। अब वह पूरी तरह से कंगाल हो गए हैं। जेवरात चेारी होने की जानकारी मिलने के बाद से पूरा परिवार बेहाल है।
लॉकर के बाहर की टूटी हुई थी रिपिट
उन्नाव निवासी कपिल शर्मा और महेंद्र कुमार शर्मा ने लॉकर का वीडियो बनाया। इन वीडियो में रिपिट यानी लॉकर के चारों तरफ लगी एक पतली लोहे की चद्दर गायब थी। लॉकर में चाबी नहीं लग रही थी। यह वीडियो पुलिस को भी दिया। चाबी न लगने वाले लॉकर से ही जेवरात गायब हैं। इससे एक बात तो साफ है कि बैंक से ही जुड़े किसी कर्मचारी ने ही लॉकरों को तोड़कर जेवरात गायब किए हैं।
कुल 586 लॉकर्स, इनमें 125 की अब तक जांच
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में कुल 586 लॉकर्स है। इसमें बुधवार तक 125 की जांच हो चुकी थी। इसमें 9 से जेवरात गायब मिले हैं। बाकी लॉकरों को भी कस्टमर बुलाकर चेक कराया जा रहा है। उधर, पुलिस ने बैंक से दो साल का सीसीटीवी फुटेज मांगा है। इसकी जांच करके अपराधी तक पहुंचने की कोशिश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने दो बैंककर्मी को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
इन लोगों के लॉकर्स से जेवरात हुए चोरी
मंजू भट्टाचार्य – 30 लाख रुपए
सीता गुप्ता – 20 लाख रुपए
शकुंतला देवी – 30 लाख रुपए
पंकज गुप्ता – 25 लाख रुपए
मीना यादव – 80 लाख से एक करोड़ रुपए
निर्मला तहल्यानी – 35 लाख रुपए
वैभव महेश्वरी – 20 लाख रुपए
सुशीला देवी- 60 लाख
महेंद्र-शैलेंद्र- 2.50 लाख