गाजियाबाद से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां पर बीते दिन यानी बुधवार को दिन दहाड़े एक वकील की हत्या कर दी गई है। इस हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है वहीं हत्या का कारण क्या है इसके बारे में साफ तौर पर जानकारी सामने नहीं आई है।
क्या है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के थाना सिहानीगेट क्षेत्र तहसील में बीते बुधवार को चैंबर में घुसकर वकील मनोज चौधरी की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खबरों में ऐसा कहा जा रहा है कि, हमला करने वाले गोली मारकर तुरंत फरार हो गए। वकील मनोज चौधरी पर जब अचानक गोलियों की बौछार हुई तो वो उस वक्त अपने चैंबर नंबर 95 में खाना खा रहे थे। इस दौरान कुछ हमलावर आए और अचानक गोलियों की बौछार शुरू कर दी। उनके सिर पर गोली लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अधिवक्ता मनोज चौधरी की हत्या के मामले में उसके जीजा अमित डागर और जीजा के भाई नितिन डागर सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि, पुलिस ने अभी तक हत्या की वजह का खुलासा नहीं किया है।
मनोज चौधरी का शव कुर्सी पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला था। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आस पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है, जिससे कुछ सबूत हाथ लग सके। घटना के चश्मदीद मुनेश त्यागी ने बताया कि, दोनों हमलावर मुंह पर रुमाल बांध कर आए थे। उन्होंने मनोज चौधरी को गोली मारी और मौके से फरार हो गए। हत्या की वजह क्या है इसके बारे में अभी तक कुछ साफ जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।