राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पर एक नर्स ने इसलिए फांसी लगा ली क्योंकि, उसको दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। नर्स के परिजनों का आरोप है कि, उन्होंने 3 दिन पहले गौतमपल्ली थाने में ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। परिजनों ने देर रात थाने का घेराव करके हंगामा किया।
परिजनों का कहना है कि, अगर पुलिस अपनी ड्यूटी ठीक से करती, तो शायद हमारी बेटी जिंदा होती। दरअसल, सपना के ससुराल की तरफ से 5 लाख रुपए दहेज मांगे जा रहे थे। शिकायत थाने में की गई। लेकिन एफआईआर नहीं दर्ज हुई। इस मामले को मीडिएशन सेंटर भेजा गया। इसके बाद सपना ने सुसाइड कर लिया।
हंगामा कर रहे परिजनों को गौतमपल्ली पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद पति समेत 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बता दें कि राजधानी के दिलकुशा कालोनी में रहने वाले विनोद कुमार यादव की बेटी सपना की शादी 29 जनवरी 2022 को चरण भट्टा रोड पर रहने वाले लूलू मॉल कर्मी आशीष यादव से हुई थी। विनोद का आरोप है कि शादी के बाद से ही सपना के ससुराल वाले 5 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। इसके लिए सपना को प्रताड़ित करते थे। ये बात सपना ने कई बार हमें फोन पर बताई थी।
इसके चलते बेटी और दामाद को पीजीआई के बरौली खलीलाबाद में रिश्तेदार के घर किराए पर कमरा दिलवा दिया। मगर घरेलू झगड़े होते रहे। शुक्रवार सुबह सपना अस्पताल जाने की बात कहकर निकली, लेकिन ड्यूटी पर नहीं गई। भाई आकाश ने सपना को फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला।
अस्पताल फोन करने पर पता चला कि सपना ड्यूटी पर नहीं है। इसके बाद आकाश ने अपने दोस्त तेलीबाग में रहने वाले अनुज को फोन किया और बरौली खलीलाबाद जाकर देखने को कहा। करीब पौने तीन बजे अनुज पहुंचा। थोड़ी देर में आकाश भी पहुंच गया। दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आकाश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तब सपना के सुसाइड के बारे में पता चला।