विस्फोटक व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की खुदकुशी के मामले में नामजद महोबा के पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार और बर्खास्त सिपाही अरुण यादव पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। एडीजी प्रयागराज प्रेमप्रकाश ने बताया कि पाटीदार और यादव केस दर्ज होने के बाद फरार हैं। उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जा चुकी है। दो दिन पहले ही इसी मामले में बर्खास्त किए गए कबरई थाने के पूर्व एसओ देवेन्द्र शुक्ला को महोबा से गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में दो अन्य नामजद व्यापारी ब्रह्मदत्त और सुरेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इसे भी पढ़ें : जौनपुर : बैंक से धोखाधड़ी कर रहे युवक को गिरफ्तार कर ले गयी छत्तीसगढ़ पुलिस
इसी साल 6 सितंबर को व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी ने एक वीडियो वायरल किया था, जिसमें उन्होंने तत्कालीन एसपी महोबा मणिलाल पाटीदार से खुद को जान का खतरा बताया था। इसमें उन्होंने कहा था कि पाटीदार उसके व्यवसाय को चालू रखने के एवज में चार लाख रुपए महीना की रिश्वत मांग रहे हैं। 8 सितंबर को इंद्रकांत कबरई में कार के अंदर गोली से घायल पाए गए थे। 13 सितंबर को इलाज के दौरान कानपुर के एक निजी अस्पताल में इंद्रकांत की मौत हो गई थी। उनके भाई रविकांत की तहरीर पर पुलिस ने पहले आत्महत्या के लिए उकसाने और बाद में हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से एसपी पाटीदार और सिपाही अरुण यादव फरार हैं।