लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में बड़ा हादसा हुआ है। यहां अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ये आग अस्पताल के ओपीडी में लगी थी। भीषण आग में दो लोग बुरी तरह से झुलस गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। आग लगने से अस्पताल परिसर में भगदड़ मच गई, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक पीजीआई अस्पताल में वेंटिलेटर फट गया था जिसकी वजह से ये हादसा हुआ। आग की लपटें दूर-दूर तक फैलने लगी। आग इतनी तेज थी कि आसपास के कमरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। आग कितना तेज थी इस बात का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की छह गाड़ियों को लगाया गया है।
हादसे में एक बच्चे की जलकर मौत
फिलहाल आग बुझाने में कड़ी मशक्कत की गई है। वहीं चारों तरफ काफी ज्यादा धुंआ- धुंआ फैला हुआ था , ऐसे में लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत हो गयी थी. वहीं आग लगने के बाद सतर्कता बरतते हुए पूरे अस्पताल को खाली करा लिया गया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया गया है। वही इस हादसे में एक बच्चे की जलकर मौत हो गयी है। अस्पताल के आस-पास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बता दें कि आग लगने से अस्पताल का काफी ज्यादा नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कमरों के फर्नीचर, कागजात भी जलने की आशंका है। हालांकि फिलहाल इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। आग बुझाने के बाद ही नुकसान के बारे में पता चल सकेगा। दरअसल राजधानी लखनऊ का पीजीआई अस्पताल देश के पांच प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल हैं। यहां काफी तादाद में मरीज आते हैं। न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि दूसरे राज्यों से भी लोग यहां इलाज के लिए आते हैं।