Breaking News

UP के इस जिले में मिलीं सबसे ज्‍यादा शत्रु सम्‍पत्तियां, अवैध कब्‍जों को लेकर सरकार अलर्ट

कानपुर में 86 नई शत्रु संपत्तियां मिली हैं। इसकी जानकारी भारत सरकार तक पहुंच चुकी है। यूपी में अब शत्रु संपत्ति के मामले में कानपुर नंबर वन हो गया है। कुल 98 शत्रु संपत्तियां यूपी के किसी भी जिले में नहीं हैं। जल्द ही पूरे जिले का सर्वे होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

शत्रु संपत्ति का रखरखाव करने वाले जिला प्रशासन के रिकार्ड में शत्रु संपत्तियां 12 हैं। उन पर भी बड़े पैमाने पर कब्जे, अस्पताल, अपार्टमेंट और कई अवैध कारोबार हो रहे हैं। भारत सरकार भी अब लगातार कब्जों की चपेट में आ रही शत्रु संपत्ति को लेकर अलर्ट हो गई है। इसलिए अभिरक्षक संयुक्त सचिव भारत सरकार सौरभ रे को भेजा गया। उन्होंने जांच करके अपनी रिपोर्ट तैयार की है। इसमें कानपुर जिले में 86 नई संपत्तियों के मिलने की जानकारी दी गई है। इससे प्रशासनिक अफसर भी चौंक गए हैं। इतने बड़े पैमाने पर संपत्तियों पर कौन रह रहा है, इसकी भी कोई जानकारी नहीं हो सकी है। सर्वे होने के बाद नई संपत्तियों को लेने और उनके खरीद फरोख्त पर रोक लगाने की कार्रवाई भी शुरू होगी। शत्रु संपत्तियों में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हो चुके हैं।

कानपुर में 86 शत्रु संपत्तियों की जानकारी मिली है। इसपर जल्द ही काम कराया जाएगा। फिलहाल तीन की रिपोर्ट प्रशासन ने सर्वे करके खुद ही भेज दी है। बाकी सभी की जांच कराकर उनको शत्रु घोषित किया जाएगा। शत्रु संपत्ति पर बहुत काम करने की जरूरत है। उन पर लगातार कब्जे हो रह हैं।