देश के सबसे लंबे इंसान के रूप में प्रसिद्ध धर्मेद्र प्रताप ङ्क्षसह को देख लोग अचरज में पड़ गए। उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। इस पर उन्होंने लोगों को मास्क लगाने के लिए सजग किया। कहा कि कोरोना का समय है, ऐसे मनमानी न करें
मंगरौरा ब्लाक के कसियाही गांव के धर्मेंद्र की लंबाई आठ फीट एक इंच है। यह भारत के सबसे लंबे व्यक्ति के तौर पर गिनीज बुक में भी जगह बना चुके हैं। वह 45 साल के हो गए हैं। मुश्किल यह है कि इनके कद की तरह इनकी मुश्किलें भी बहुत लंबी हैं। उनको अपने इलाज व दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकारी मदद नहीं मिल पा रही।
लॉकडाउन के पहले वह लाल किला, इंडिया गेट, ताज महल जैसे स्थलों पर जाकर वहां लोगों के साथ फोटो खिंचवाकर उससे मिलने वाले पैसे से खर्च चलाते थे, अब वह भी ठप है। उनको पांच साल पहले सड़क हादसे में लगी चोट के कारण चलने में दिक्कत होती है। लाठी के सहारे चल पाते हैं।
इस पर उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र बना है। उसे शुक्रवार को ऑनलाइन कराने सीएमओ कार्यालय आए तो उनको देखने वालों का तांता लग गया। हालांकि सर्वर गुल होने से उनका काम न हो सका। इस दौरान बातचीत में उन्होंने कहा कि गुजारा बड़ा कठिन हो गया है। महंगाई का दौर है और कमाई है नहीं। आर्थिक रूप से परेशान हो गए हैं। लंबे कद के कारण शादी नहीं हो पा रही है। कद के अनुसार लड़की अब तक नहीं मिल पाई है। वहां जहां जाते हैं, लोग कौतूहल से देखने लगते हैं, पर कोई मदद नहीं करता। स्वाभिमान ऐसा कि किसी से मदद मांगते भी नहीं। वह बताते हैं कि कुछ ही दिन में मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं बताएंगे।