Breaking News

पूर्व मंत्री के बेटे को राजा भैया ने दिया टिकट, सपा से टिकट नहीं मिलने पर हुई थी मौत

बाराबंकी की दरियाबाद विधानसभा सीट से मजबूत दावेदारी रखने वाले छह बार विधायक एक बार मंत्री रहे सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। वह सपा से अपने बेटे रितेश सिंह के लिए इस विधानसभा से टिकट मांग रहे थे। पार्टी ने उनके बेटे का टिकट काट दिया। इस सदमे से राजा राजीव कुमार सिंह का निधन हो गया। अंतिम संस्कार के दौरान हजारों की संख्या में लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ नाराजगी जताई।

बेटे को टिकट न मिलने से थे सदमे में
राजा राजीव कुमार सिंह के निधन पर उनके बेटे रितेश सिंह को ढांढस बढ़ाने प्रतापगढ़ से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया उनके हड़हा आवास पहुंचे। इस दौरान राजा राजीव कुमार सिंह की पत्नी व राज माता ने बेटे रितेश सिंह को निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कही। राजमाता के इस बयान से सपा बीजेपी व राजवंश से त्रिकोणीय मुकाबला अब इस विधानसभा क्षेत्र में होता दिख रहा है। क्योंकि जो राजा के समर्थक थे वह सपा से टिकट कटने से नाराज चल रहे थे और वह भाजपा की तरफ जा सकते थे लेकिन राजा राजीव कुमार सिंह के बेटे यदि निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं। तब यह मुकाबला त्रिकोणीय होता दिख रहा है।

अपने आवास पर समर्थकों को बुलाकर जताई थी नाराजगी
बाराबंकी जिले की दरियाबाद विधानसभा से पूर्व मंत्री व 6 बार विधायक रहे सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह के बेटे रितेश सिंह उर्फ रिंकू को टिकट मिलने की पूरी उम्मीद थी। लेकिन सपा ने उनके बेटे का टिकट काट दिया और यहां से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया। बेटे का टिकट कटने से सपा नेता राजा राजीव कुमार सिंह इतने दुखी हुए कि उन्होंने अपने आवास पर सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी के खिलाफ नाराजगी जताई। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान टिकट कटने के सदमे से मौत हो गई।