सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मोबाइल पर किसी से बात कर रही छोटी बहन को देखकर उसका भाई इतना आग बबूला हो गया कि उसने गुस्से में आकर उसके सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी। जिसकी आवाज सुनकर घर वाले कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ लाश पड़ी थी। मां उसे तत्काल जिला हॉस्पिटल लेकर गई जहां पर उसे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ये दिल दहलाने वाली वारदात सहारनपुर के थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम की है।
पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से इस घटना की जानकारी ली। मौके पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटना स्थल से नमूने उठाए। इसके बाद फारेंसिक टीम जिला अस्पताल पहुंची। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक के सामने शव से भी कुछ नमूने लिए।
बता दें कि मुस्कान के परिजन ने पहले पुलिस को उलझाए रखा। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर पर किसी अज्ञात हमलावर ने मुस्कान को गोली मारी है। लेकिन बाद में उन्होंने बताया की आदित्य ने ही मुस्कान को गोली मारी है। आदित्य को मुस्कान का मोबाइल चलाना और बातें करना पसंद नही था। इसी के कारण उसने अपनी बहन की हत्या कर दी। वहीं एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।