अयोध्या में श्री राम लला की प्राणप्रतिष्ठा की तैयारियों के बीच सोशल मिडिया पर एक विडिओ तेजी से वायरल हुआ था जिसमे मुस्लिम राम भक्त 20 वर्षीय शबनम शेख पैदल यात्रा कर अयोध्या पहुंचने की बात कर रही थी। अब 40 दिन की पैदल यात्रा के बाद मुंबई से पैदल चलकर चेहरे पर हिजाब और जुबान पर जय श्री राम के नारे के साथ शबनम अयोध्या पहुंच चुकी है। शबनम शेख का मुंबई से लेकर अयोध्या तक राम भक्तों ने जोरदार स्वागत भी किया है। अयोध्या पहुंची शबनम शेख का साधु संतों ने भी पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया है।
मुंबई की रहने वाली शबनम बीते 21 दिसंबर को मुंबई से अयोध्या की पैदल यात्रा पर निकली थी। शबनम ने इस दौरान 1425 किलोमीटर की दूरी तय की है। लेकिन राम की धुन में उसके चेहरे पर थकान नहीं दिखती। शबनम शेख को अपने मुस्लिम होने पर गर्व है और कहती है- राम की पूजा या उन्हें मानने के लिए हिंदू होना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि 40 दिन की तपस्या मेरी पूरी हुई प्रभु राम की नगरी में आकर यह यात्रा मेरी समाप्त हुई।
अयोध्या में हुआ शबनम शेख का जोरदार स्वागत
शबनम शेख ने बताया कि 40 दिन से मैं मुंबई से अयोध्या के लिए यात्रा कर रही हूं। 21 दिसंबर 2023 को हमने अपनी यात्रा शुरू की थी और आज हम धर्म नगरी अयोध्या पहुंच चुके हैं। अयोध्या पहुंचते ही हमारी यात्रा पूरी हो गई है। साधु-संतों ने ऐसा स्वागत किया है कि जैसे ऐसा लग रहा है की प्रभु की भक्ति में लीन हो जाऊ। शबनम शेख ने मुंबई से यात्रा की शुरुआत अकेले की थी। लेकिन अयोध्या पहुंचते ही सैकड़ों लोग हमारे साथ हो गए। अब हम प्रभु राम के दर्शन करेंगे और देश के लिए अमन चैन की आशीर्वाद मांगूंगी।