Breaking News

बलिया में हुआ गोलीकांड, 5 आरोपी गिरफ्तार, फिर खड़ा हुआ सरकार पर सवाल

बलिया: यूपी में एक के बाद एक घटनाएं हो रही है जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बता दें कि अब  बलिया में कोटे (सस्ते गल्ले ) की दुकान आवंटन के लिए बुलाई गई खुली बैठक में फायरिंग की घटना हो गयी। जानकारी के मुताबिक गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वही गोली चलने की वजह से इलाके में भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि ये घटना रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जुनपुर गांव में हुई। गोली चलाने वाला शख्स बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह का करीबी बताया जा रहा है।

पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने 5 नामजद व 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज भी किया है। हालांकि, गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह उर्फ डब्लू सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस पूरे मामले में पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।

वहीं, मृतक जयप्रकाश के बेटे अभिषेक कुमार पाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को उसी वक्त पकड़ लिया, लेकिन उसे छोड़ दिया गया। उप महानिरीक्षक सुभाष चंद दुबे ने कहा कि धीरेंद्र सिंह फरार कैसे हो गया इस मामले में भी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी धीरेंद्र अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

इस गोलीकांड के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। खराब माहौल को देखते हुए इलाके में फोर्स तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति अभी शांतिपूर्ण है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक अपराध हो रहे हैं। कुछ ही दिन पहले हाथरस में हुए बलात्कार की घटना के बाद देश भर में हंगामा हुआ था। बीजेपी विधायक के करीबी पर बलिया की घटना का आरोप लगने के बाद एक बार फिर से राजनीति तेज होने की संभावना है।