Breaking News

भाजपा MLC यशवंत सिंह पार्टी से निष्कासित, बेटे को चुनाव लड़ाना पड़ा भारी

आजमगढ़ मऊ स्थानीय निकाय प्राधिकारी क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ अपने बेटे विक्रांत सिंह रिशू को निर्दलीय के तौर पर चुनाव मैदान में उतारना भाजपा एमएलसी यशवंत सिंह को भारी पड़ गया। चुनाव लड़ाने व प्रचार प्रसार करने की शिकायत पर उन्हे छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

आजमगढ़ मऊ स्थानीय निकाय प्राधिकारी क्षेत्र से भाजपा ने समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक रमाकांत यादव के बेटे अरुण कांत यादव को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह के बेटे विक्रांत सिंह रिशु निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

यशवंत सिंह सपा के तरफ से पिछले लगभग 20 वर्षों से विधान परिषद सदस्य रहे हैं। योगी आदत्यिनाथ के वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होने अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भाजपा ने विधान परिषद सदस्य बनाया था।

पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण कांत राय ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मामले का संज्ञान लेते हुए पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लडाने और प्रचार प्रसार व पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण विधान परिषद सदस्य यशवन्त सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।