Breaking News

जल्द ही पहली बार राफेल उड़ाएंगी महिला पायलट

भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार दो महिला अफसर सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को वॉर शिप पर तैनात किया जाएगा। इन दोनों को हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर (एयरबोर्न टैक्टिशियंस) के पद में शामिल होने के लिए चुना गया है। इसके पहले महिला अफसरों को फिक्स्ड विंग एयरकॉफ्ट तक सीमित रखा गया था। इसके तहत, वॉरशिप पर एयरक्राफ्ट को टेकऑफ और लैंड कराया जाता है।

महिला अफसरों को जंगी जहाजों पर तैनाती की खबर ऐसे वक्त में सामने आई है, जब भारतीय वायुसेना ने भी महिला लड़ाकू पायलट को राफेल विमानों की फ्लीट को ऑपरेट करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंबाला में भारतीय वायुसेना के राफेल स्क्वॉड्रन को पहली महिला फाइटर पायलट जल्द मिल जाएगी। वायुसेना की 10 महिला फाइटर पायलट प्रशिक्षण से गुजर रही हैं। इनमें से एक 17 स्क्वाड्रन के साथ राफेल जेट उड़ाएगी।

10 सितंबर को अंबाला में 5 राफेल एयरफ्राफ्ट को भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल जेट खरीदे हैं। इनमें पांच भारत आ चुके हैं। बाकी 2021 के आखिर तक भारतीय वायु सेना के हिस्सा होंगे।

सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह उन 17 अफसरों के ग्रुप का हिस्सा हैं, जिन्हें सोमवार को अफसर के तौर पर कोच्चि में आईएनएस गरुड़ पर आयोजित एक समारोह में “ऑब्जर्वर” के रूप में स्नातक होने पर “विंग्स” से सम्मानित किया गया।

इनमें 13 अफसर रेगुलर बैच से हैं और चार महिला महिला अफसर शॉर्ट सर्विस कमीशन से हैं। ये अफसर भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री टोही जहाजों और पनडुब्बी-रोधी जंगी जहाजों में तैनात होंगे।
इस प्रोग्राम में रियर एडमिरल एंटनी जॉर्ज ने कहा था कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है। इनमें पहली बार महिलाओं को हेलिकॉप्टर ऑपरेशन की ट्रेनिंग दी जा रही है।

91 वें रेगुलर कोर्स और 22 वें एसएससी ऑब्जर्वर कोर्स के अफसरों को एयर नेविगेशन, फ्लाइंग प्रोसिजर, एयर वॉरफेयर, एंटी-सबमरीन वॉरफेयर का प्रशिक्षण दिया गया।