लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देख लगता है कि कानून का डर लोगो में है ही नहीं। कैसे दूसरों की गलतियों का खामियाजा किसी और को भुगतना पड़ता है। लखनऊ में एक तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही को जोरदार टक्कर मार दी। इस वजह से वह तुरंत सड़क पर गिर गया। कार चालक इसके बाद तेजी से गाड़ी चलाकर भाग गया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेज स्पीड में चला गया। इसमें ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल घायल हो गया। घटना कृष्णा नगर थाना क्षेत्र की है।
खबर है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी का नाम अमित कुमार है और वे सड़क के चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी कानपुर की तरफ से आ रही एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उनका कंधा टूट गया है। दुर्घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया।
केस हुआ दर्ज
बता दें पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसे ट्रेस किया। उसका नाम अभिषेक दास है। उसकी उम्र 31 साल है और वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई करने में जुटी है।