Breaking News

सपा-भाजपा में भिड़ंत, सपाइयों पर पुलिस ने किया लाठी चार्ज

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के चुनाव के नामांकन के दौरान कन्‍नौज में हंगामा हो गया। नामांकन के दौरान पक्षपात का आरोप लगाते हुए सपा और भाजपा समर्थक आमने सामने हो गए। सपा विधायक से भी धक्का मुक्की हुई। देखते ही देखते पत्थरबाज़ी भी शुरू हो गई। सपा खेमे से आरोप लगाया गया के भाजपा समर्थकों ने सपा उम्मीदवार का पर्चा छीन लिया है।

दरअसल यहां कन्नौज में पहली सितम्बर को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक में अध्यक्ष पद का चुनाव होना है। बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। शहर के ग्वाल मैदान स्थित बैंक में बुधवार सुबह तय समय से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। शुरू में दोनों खेमे से गिनती के ही समर्थक रहे। लेकिन सपा ने आरोप लगाया के भाजपा समर्थक सपा उम्मीदवार कर नामांकन में रुकावट डाल रहे हैं। देखते ही देखते बड़ी संख्या में सपा के भी समर्थक इकट्ठा हो गए। इसके दोनों पक्षों के बीच हंगामा शुरू हो गया। पुलिस को दोनों पक्षों को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी बीच एक युवक बैंक के अंदर से भागा तो सपा समर्थकों ने अपने उम्मीदवार के प्रस्तावक का पर्चा लेकर भागने का आरोप लगाकर हंगामा काट दिया।

इसी बीच भाजपा खेमे से कई युवक हाथों में पत्थर लेकर आ गए और देखते पत्थरबाज़ी शुरु हो गई। आसपास के घरों से भी पत्थर बरसाए जाने लगे। इससे सपा खेमे में भगदड़ मच गई। खुद पुलिस भी पत्थर के हमले से बचने की जद्दोजहद करती दिखी। जवाब में सपा खेमे से भी पत्थर बरसने लगे। जानकरी पर पहले एसडीएम सदर अपूर्वा यादव और फिर एडीएम गजेंद्र कुमार पहुंचे। उन्हें देखकर पहले तो दोनों पक्ष किनारे हुए, लेकिन फिर भिड़ंत की नौबत आ गई। बैंक और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

नामांकन के दौरान हुए हंगामा और पत्थरबाजी के दौरान मची भगदड़ के बाद प्रशासन हरकत में आया। एएसपी विनोद कुमार भी दलबल के साथ पहुंचे। आसपास के थानों से भी पुलिस फोर्स बुला लिया गया। पुलिस फोर्स को देखने के बाद दोनों खेमे शांत हुए। पुलिस ने बैंक के बाहर सुरक्षा बढ़ा कर गश्त शुरू किया। सपा समर्थकों को मौके से हटाया। दूसरी तरफ खड़े भाजपा समर्थकों ने सपा समर्थकों पर विवाद शुरू करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन पर लापरवाही और पक्षपात करने का आरोप लगाया। अफसरों ने उन्हें किसी तरह समझा कर शांत किया।