सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां पर एक वृद्ध की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। ये घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। जब सुबह परिवार वाले उठे परिवार में मातम छा गया। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इसकी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि, पड़ोस के दो व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में बीती रात तुलसीराम निषाद (70) की अज्ञात बदमाशों ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्याकर दी। जानकारी के अनुसार तुलसीराम घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित खेत की रखवाली के लिए छप्पर डालकर रहता था। बीती रात भी वो घर से भोजन आदि करके खेत पर पहुंचा। जहां उसकी बदमाशों ने हत्या कर दी। सुबह जब घर वाले वहां पहुंचे तो लहूलुहान शव देखकर वे चीखने-चिल्लाने लगे। शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आरबी सुमन, सीओ पंकज सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल किया। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थानाध्यक्ष आरबी सुमन ने बताया कि, शराब पीकर गाली-गलौज करने की बात सामने आ रही है। जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलते ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना जमीनी रंजिश को लेकर बताई जा रही है। मृतक की पौत्री ने बताया कि, सोनू निषाद से परसों भी विवाद हुआ था। दूसरे लोगों को बुलाए और कल भी दूसरों को बुलवाकर झगड़ा किए थे। गाली-गलौज किए थे। हम लोग बोले तो मारने के लिए दौड़े थे। बुड्ढे दादा बोले हम तुमको बाल डालेंगे रात बीतने नहीं पाएगी। पुलिस उसे पकड़कर ले गई है।