उत्तर प्रदेश में आज विधान परिषद का चुनाव चल रहा है। जिले के इतिहास में एक लंबे अंतराल के बाद सांसद के रुप में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने यहां जिला पंचायत में बने बूथ पर वोट डाला। उन्होंने मीडिया से कहा कि अच्छे लोग चुनकर आएंगे तो सरकार और मजबूत हो जाएगी। दोपहर दो बजे तक सुल्तानपुर-अमेठी जिले में 91 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बहुत दिनों के बाद भाजपा के होंगे एमएलसी
बता दें कि मेनका गांधी दिल्ली से बाई प्लेन लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंची। वहां से सड़क मार्ग से होते हुए वो सीधे सुल्तानपुर पहुंची। इसके बाद सांसद ने करीब 12:30 बजे के आसपास जिला पंचायत के बूथ पर पहुंचकर वोट डाला। हालांकि सांसद रहते हुए वरुण गांधी 2016 में वोट डालने नहीं पहुंचे थे। वही मीडिया से बात करते हुए मेनका गांधी ने आगे कहा कि वोट डालकर हमें अच्छा लगा। उन्होंने यह भी कहा कि बहुत दिनों के बाद भाजपा के एमएलसी होंगे। तो हम विश्वास करेंगे उनको जो निधि मिलती है वो हम लोग विकास में अच्छे से इस्तेमाल कर पाएंगे।
सुल्तानपुर में दो हजार के ऊपर वोटर
आपको बता दें कि दोपहर 12 बजे तक कुल 3885 मतदाताओ में से 2377 मतदाताओं ने वोट डाल दिया था। सुल्तानपुर में 15 ब्लॉकों में 2220 वोटर हैं। इसमें धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख व इसौली से बसपा प्रत्याशी यशभद्र सिंह मोनू के ब्लॉक में 147 वोट व बल्दीराय में 156, कुड़वार में 177 और कूरेभार में 191 वोट हैं। यह वोट बैंक किधर जाएंगे यह हार-जीत में काफी निर्णायक होंगे। इसके अलावा जयसिंहपुर में 189, दोस्तपुर में 135, मोतिगरपुर में 96, अखंडनगर में 161, करौंदिकला में 91 और कादीपुर में 143 वोट हैं। यहां सपा के अरुण वर्मा और भाजपा के राज प्रसाद की भूमिका अहम होगी। इसी तरह सपा जिलाध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव के क्षेत्र में पीपी कमैचा में 140, लंभुआ में 157, भदैया में 149 वोट हैं। वही दुबेपुर ब्लॉक में सबसे अधिक 216 वोट हैं। इसमें सपा प्रत्याशी का पार पाना आसान नहीं होगा। जबकि जिला पंचायत में बने मीटिंग हॉल में 72 वोट हैं।