सुल्तानपुर का डॉक्टर हत्याकांड उत्तर प्रदेश का सबसे चर्चित मुद्दा बन चुका है। हत्या आरोपी अजय नारायण सिंह के परिवार की शासन सत्ता में धाक सुल्तानपुर से लखनऊ तक गूंज रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से परिवार का कनेक्शन चर्चा में है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को घेरा है। सपा ने सवाल किया है मुख्यमंत्री जी, डॉक्टर की हत्या का आरोपी अजय नारायण सिंह आपके नेता का भतीजा है। उसकी सम्पतियों पर कब बुलडोजर चलेगा, पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलेगा?
दरअसल डॉक्टर घन श्याम त्रिपाठी हत्याकांड में अजय नारायण सिंह और दो अज्ञात व्यक्ति नामजद है। ऐसे में सवाल उठ रहा है आखिर कौन है अजय नारायण सिंह। उसका भाजपा से क्या कनेक्शन है। RSS से उसका क्या रिश्ता है। आपको बता दें कि, अजय नारायण सिंह भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गिरीश नारायण सिंह का भतीजा है। अजय नारायण सिंह के परिवार की ताकत का अंदाजा इन तस्वीरों से लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भी हत्या आरोपी के चाचा के तस्वीरें सामने आयी है।
जी हां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खड़े शख्स का नाम गिरीश नारायण उर्फ बब्बन सिंह है। गिरीश नारायण सिंह आरोपी अजय नारयण के सगे चाचा है। शासन-सत्ता में जलवा है नारायण परिवार का। हत्या आरोपी अजय नारायण का भाई चन्दन नारायण सिंह भाजपा युवा मोर्चा सुल्तानपुर का अध्यक्ष भी है। यूं कहे कि, हत्या आरोपी का पूरा परिवार भाजपा और RSS से जुड़ा है तस्वीरें गवाह है। सुल्तानपुर के नारायण परिवार की भाजपा और RSS से रिश्तों की। तो ऐसे में सवाल उठना भी लाजिमी है। आखिर डॉक्टर त्रिपाठी की निर्मम हत्या के आरोपी अजय नारायण सिंह पर योगी सरकार में कार्यवाही कितनी बड़ी होगी।
हालांकि भाजपा के ही पूर्व विधायक देव मणि द्विवेदी ने ऐलान कर दिया है भू माफिया आरोपी मिट्टी में मिलेगा। वहीं सुल्तानपुर से ताल्लुक रखने वाले समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक और बड़े ब्राह्मण नेता संतोष पांडेय ने भी पीड़ित परिवार को भरोसा देते हुए न्याय दिलाने की हुंकार भरी है। वहीं सुल्तानपुर की सदर सीट से भाजपा विधायक राज बाबू उपाध्याय भी मैदान में उतर चुके है। पीड़ित डॉक्टर परिवार से मुलाक़ात कर उन्होंने आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही का भरोसा दिया है।
फिलहाल अभी तक आरोपी अजय नारायण सिंह का कोई सुराग नहीं लगा है पुलिस खाली हाथ। खुलासा हुआ है मुख्य आरोपी अजय नारायण सिंह ने पहले डॉक्टर त्रिपाठी को बंधक बनाकर पीटा। जब हालत बिगड़ गई तो बैटरी रिक्शे पर लाद कर डॉक्टर को उसके घर पहुंचा दिया। फिलहाल सुल्तानपुर के पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा एक्शन पर है। हत्यारोपी अजय नारायण की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। देखना ये होगा अजय नारायण पर कितनी बड़ी कार्यवाही होती है।