सुल्तानपुर। 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी इन दिनों कई पार्टियां कर रही हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार 12 अक्टूबर को भाजपा महिला मोर्चा ने रामनरेश त्रिपाठी सभागार में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन को सतीश चन्द्र शर्मा, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि, आज हर क्षेत्र में महिलाओं का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा 2014 में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं बनाई हैं। आज हर क्षेत्र में महिलाओं का डंका बज रहा है।
उन्होंने कहा कि, केंद्र व प्रदेश की सरकार महिला सम्मान व स्वाभिमान के लिए समर्पित है। सरकार की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सुमंगला योजना, पीएम मातृ वन्दना योजना, आवास, उज्जवला, सामूहिक विवाह जैसी कई योजनाओं के माध्यम से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि, मोदी सरकार ने संसद में ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को उनका अधिकार देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि, नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक क्षेत्र की भागीदारी में मील का पत्थर साबित होगा। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ आर ए वर्मा ने कहा कि, आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षा व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुमन सिंह व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा निषाद ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम की संयोजक व काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की महामंत्री बबिता तिवारी ने आए हुए अतिथियों व महिलाओं का आभार प्रकट किया।
संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष डाॅ प्रीति प्रकाश ने किया। भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाली डाॅ मानसी तोमर, पूर्व प्रधानाचार्य कुसुम सिंह, लालती देवी, माया देवी, सविता श्रीवास्तव, रश्मि बाला श्रीवास्तव, सुमन तिवारी एवं सपना देवी सहित 10 महिलाओं को मुख्य अतिथि सतीश चंद्र शर्मा ने अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनीता पांडे, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल, कमला सिंह, पूजा कसौधन, रेनू सिंह, रेनू तिवारी, रचना सिंह, रीता निषाद आदि मौजूद रही।